×

ICC ने रोहित शर्मा को बनाया वर्ल्ड कप का ब्रांड ऐम्बेसेडर, हिटमैन की बात ने दिल जीत लिया

ICC ने मंगलवार को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए शेड्यूल का ऐलान कर दिया है. पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को इस टूर्नामेंट का ब्रांड ऐम्बेसेडर बनाया गया है.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - November 25, 2025 8:22 PM IST

रोहित शर्मा को आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप का ब्रांड ऐम्बेसेडर बनाया गया है. यह टूर्नामेंट अगले साल भारत और श्रीलंका की मेजबानी में खेला जाएगा. आईसीसी के चेयरमैन जय शाह ने मंगलवार, 25 नवंबर को मुंबई में आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप शेड्यूल के दौरान इस बात का ऐलान किया.

रोहित 2007 में पहला टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम भारतीय टीम का हिस्सा थे. महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारत ने पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता था. इसके बाद 2024 में रोहित की कप्तानी में भारत ने 17 साल बाद टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता. भारत ने केनिंगटन ओवल ब्रिजटाउन, बारबाडोस में साउथ अफ्रीका को हराकर खिताब जीता था.

रोहित अकेले भारतीय खिलाड़ी हैं जिन्होंने दो बार टी20 वर्ल्ड कप जीता है. वह सिर्फ दूसरे भारतीय कप्तान हैं जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी जीती है. रोहित, विराट कोहली और रविंद्र जडेजा ने बीते साल टी20 वर्ल्ड कप की खिताबी जीत के बाद इस फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था.

ब्रांड ऐम्बेसेडर बनने के बाद रोहित ने कहा कि वह आईसीसी के इस टूर्नामेंट के ब्रांड ऐम्बेसेडर बनकर बहुत खुश हैं.

रोहित ने कहा, ‘मैं तहेदिल से आईसीसी और जय शाह को शुक्रिया अदा करना चाहूंगा. यह बहुत बड़ा सम्मान है कि मुझे आईसीसी के टूर्नामेंट का ऐम्बेसडर बनाया गया है. मुझे अभी बताया गया कि अभी तक किसी ऐक्टिव प्लेयर को आईसीसी का ऐम्बेसेडर नहीं बनाया गया है, तो यह बड़ा गर्व और सम्मान की बात है. मैं बहुत-बहुत शुक्रगुजार हूं.’

रोहित ने कहा, ‘उम्मीद है कि हम वही जादू दोहरा सकते हैं जो हमने पिछले साल किया था. हालांकि इस बार अलग खिलाड़ी होंगे.’

रोहित ने इसके बाद याद किया कि भारत के लिए आईसीसी खिताब जीतना कितना मुश्किल काम है. भारत को 2013 के बाद अगले आईसीसी टूर्नामेंट जीतने के लिए 11 साल का इंतजाकर करना पड़ा. तब भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी.

TRENDING NOW

रोहित ने टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले लिया है. वह अब सिर्फ वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट खेल रहे हैं. रोहित ने सभी टी20 वर्ल्ड कप में भारत का प्रतिनिधित्व किया है. लेकिन इस बार वह घर पर बैठकर टीम इंडिया के मैच देखेंगे. उन्होंने इस साल महिला वनडे वर्ल्ड कप में भारत की जीत को भी याद किया. भारत ने साउथ अफ्रीका को हराकर पहली बार वनडे वर्ल्ड कप का खिताब जीता था.