- क्रिकेट न्यूज़
- News
- ICC ODI Ranking: Virat Kohli only Indian in top 10 batsmen
आईसीसी वनडे रैंकिग: वर्ल्ड नंबर 3 बल्लेबाज विराट कोहली को लेनी होगी दो टॉप गेंदबाजों से टक्कर!
टीम इंडिया 117 अंकों के साथ आईसीसी वनडे रैंकिग में तीसरे स्थान पर है।
Published On May 31, 2017, 01:18 PM IST
Last UpdatedMay 31, 2017, 01:18 PM IST

आईसीसी वनडे रैंकिग में तीसरे स्थान पर मौजूद टीम इंडिया का केवल एक ही खिलाड़ी शीर्ष दस बल्लेबाजों की सूची में शामिल है। वनडे बल्लेबाजों की रैंकिग में टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली अकेले भारतीय हैं जो शीर्ष दस में जगह बना पाए हैं। कोहली 852 अंको के साथ तीसरे स्थान पर हैं जबकि अन्य कोई भी भारतीय बल्लेबाज शीर्ष दस में नहीं है। टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा 12वें स्थान पर हैं तो पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी 13वें स्थान पर बने हैं। वहीं शिखर धवन 15वें स्थान पर हैं। शीर्ष 20 वनडे बल्लेबाजों में चार भारतीय बल्लेबाज शामिल हैं।
वहीं टीम इंडिया के लिए एक चिंता की बात ये है कि शीर्ष 10 वनडे गेंदबाजों में एक भी भारतीय गेंदबाज नहीं है। भारतीय गेंदबाजों की बात करें तो अक्षर पटेल सबसे ऊपर हैं, पटेल 615 अंक लेकर 11वें स्थान पर हैं। वहीं अमित मिश्रा उनसे नीचे 13वें स्थान पर हैं। शीर्ष 20 वनडे गेंदबाजों में आखिरी नाम भारत के सबसे सफल स्पिन रविचंद्रन अश्विन का है जो 18वें स्थान पर हैं। हालांकि टीम इंडिया का हालिया प्रदर्शन तो कुछ और ही दर्शाता है। [ये भी पढ़ें: चैंपियंस ट्रॉफी से पहले विराट-धोनी का बड़ा कारनामा]
वनडे रैंकिंग में नंबर वन गेंदबाज द.अफ्रीका के कगीसो रबाडा बन गए हैं। रबाडा ने अपने ही हमवतन इमरान ताहिर को पीछे छोड़ा। इमरान ताहिर दूसरे नंबर पर लुढ़क गए हैं। द.अफ्रीका के लिए उनके दो गेंदबाजों का टॉप रैंकिंग में होना बेहद अच्छी बात है क्योंकि चैंपियंस ट्रॉफी में उसे टीम इंडिया से भिड़ना है जिसके खिलाफ जीत हासिल करने के लिए उसके इन दो गेंदबाजों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा। [ये भी पढ़ें: जब धोनी के कैच छोड़ने पर जमकर हंसे विराट कोहली]
वैसे चैंपियंस ट्रॉफी से पहले टीम इंडिया ने अपने दोनों अभ्यास मैच जीत कर प्रतिद्वंदी टीमों को अपने शानदार प्रदर्शन की एक झलक दिखाई है। कप्तान विराट कोहली भी टीम के प्रदर्शन से काफी खुश हैं। भारत अपना पहला लीग मैच पाकिस्तान के खिलाफ 4 जून को बर्मिंघम में खेलेगा।