ICC ODI Rankings: जसप्रीत बुमराह से छिनी वनडे की बादशाहत, रवींद्र जडेजा की बड़ी छलांग

न्‍यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में जसप्रीत बुमराह एक भी विकेट नहीं निकाल पाए.

Edited By : India.com Staff |Feb 12, 2020, 02:39 PM IST

Published On Feb 12, 2020, 02:39 PM IST

Last UpdatedFeb 12, 2020, 02:39 PM IST

ICC ODI Rankings: न्‍यूजीलैंड के हाथों 0-3 से क्‍लीन स्‍वीप होने के बाद बुधवार को आईसीसी ने ताजा वनडे रैंकिंग जारी कर दी है. पूरी सीरीज में एक भी विकेट निकालने से महरूम रहे जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) अब पहले से दूसरे स्‍थान पर खिसक गए हैं. उनकी जगह ट्रेंट बोल्‍ट (Trent Boult) ने ले ली है. बोल्‍ट भारत-न्‍यूजीलैंड टी20 और वनडे सीरीज के दौरान चोट के चलते नहीं खेल पाए थे.

वनडे रैंकिंग में रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) को खासा फायदा हुआ है. जडेजा ने दो पारियों में 63 की औसत से 63 रन बनाए. इस सीरीज में उन्‍होंने दो विकेट भी निकाले. ऑलराउंडर्स की श्रेणी में तीन पायदान ऊपर आते हुए जडेजा अब नंबर-7 पर पहुंच गए हैं.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

वनडे सीरीज के दौरान रॉस टेलर (Ross Taylor) का बल्‍ला जमकर बोला. उन्‍होंने तीन मैचों में 194 की औसत से 194 रन बनाए. इस शानदार प्रदर्शन के दम पर वो बल्‍लेबाजों की रैंकिंग में एक स्‍थान की बढ़त के साथ नंबर-4 पर पहुंच गए हैं.

रोहित और विराट के बीच अंतर हुआ बेहद कम

वनडे में कप्‍तान विराट कोहली (Virat Kohli) का प्रदर्शन किसी एक सीरीज में पांच साल बाद इतना खराब रहा है. उन्‍होंने महज 25 की औसत से रन बनाए. नंबर-1 वनडे बल्‍लेबाज विराट कोहली के खराब प्रदर्शन के चलते अब उनके और रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के बीच पहले स्‍थान की दौड़ काफी करीबी हो गई है. रोहित चोट के चलते इस सीरीज में नहीं खेल पाए. वो नंबर-1 बल्‍लेबाज बनने के लिए विराट कोहली से महज 15 प्‍वाइंट्स पीछे हैं.

कॉलिन डी ग्रैंडहोम की बड़ी छलांग

ताजा वनडे रैंकिंग में साउथ अफ्रीका के क्विंटन डी कॉक दो पायेदान की छलांग लगाते हुए नंबर-7 वनडे बल्‍लेबाज बन गए हैं. केएन विलियमसन सातवें से अब आठवें स्‍थान पर पहुंच गए हैं. कॉलिन डी ग्रैंडहोम ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में चार स्‍थानों की बढ़त प्राप्‍त करते हुए अब चौथे नंबर पर आ गए हैं.

Editor's Pick