- क्रिकेट न्यूज़
- News
- ICC Player of month award nominees for August 2022 revealed
आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ के लिये नॉमिनेट किये गये खिलाड़ियों की सूची आई, वीमेंस प्लेयर्स की लिस्ट में एक भारतीय
मेंस प्लेयर ऑफ द मंथ के लिये नॉमिनेट किये गये खिलाड़ियों की लिस्ट में इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और जिम्बाब्वे के खिलाड़ी हैं, जबकि वीमेंस प्लेयर्स में दो ऑस्ट्रेलिया और एक भारतीय खिलाड़ी को जगह मिली है.
Published On Sep 05, 2022, 03:53 PM IST
Last UpdatedSep 05, 2022, 03:53 PM IST
ICC Awards
आईसीसी ने अगस्त माह के प्लेयर ऑफ द मंथ के लिये नॉमिनेट किये गये खिलाड़ियों की सूची जारी कर दी है. मेंस प्लेयर ऑफ द मंथ के लिये नॉमिनेट किये गये खिलाड़ियों की लिस्ट में इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और जिम्बाब्वे के खिलाड़ियों को जगह दी गई है, जबकि वीमेंस प्लेयर्स में दो ऑस्ट्रेलिया और एक भारतीय खिलाड़ी को जगह मिली है. श्रीलंका के प्रभात जयसूर्या और इंग्लैंड की हरफनमौला एम्मा लैंब को जुलाई माह का आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ का खिताब दिया गया था.
आईसीसी मेंस प्लेयर ऑफ द मंथ के लिये इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स को नॉमिनेट किया गया है. बेन स्टोक्स ने अगस्त महीने में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में बल्ले और गेंद दोनों से कमाल दिखाया है. स्टोक्स ने दो टेस्ट में सात विकेट हासिल किये, वहीं दूसरे टेस्ट में उन्होंने 103 रन की पारी खेली थी.
नॉमिनेट किये गये दूसरे खिलाड़ी जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा हैं. सिकंदर रजा ने अगस्त में तीन सेंचुरी जड़े, जिसमें दो बांग्लादेश और एक भारत के खिलाफ थे. रजा ने अपनी टीम को मुश्किल परिस्थिति में भी मैच जिताया. इसके अलावा उन्होंने गेंदबाजी करते हुये विकेट भी हासिल किया.
प्लेयर ऑफ द मंथ के लिये नॉमिनेट किये गये तीसरे खिलाड़ी का नाम मिशेल सेंटनर है. मिशेल सेंटनर ने नीदरलैंड और वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने ऑलराउंड प्रदर्शन से प्रभावित किया. सेंटनर ने नीदरलैंड के खिलाफ मैच में 42 गेंद में 77 रन की पारी खेली. वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच में भी उन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से कमाल दिखाया.
वहीं वीमेंस प्लेयर्स की बात करें तो कॉमनवेल्थ गेम्स में शानदार प्रदर्शन करने वाली ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी, भारत की जेमिमा रॉड्रिग्स और ऑस्ट्रेलिया की ही ताहिला मैकग्रा को नॉमिनेट किया गया है.
जेमिमा रॉड्रिग्स भारत से इकलौती प्लेयर:
जेमिमा रॉड्रिग्स ने कॉमनवेल्थ गेम्स के पांच मैच में 146 रन बनाये थे. वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले के मामले में पांचवें स्थान पर रहीं थी. बारबाडोस के खिलाफ मैच में उन्होंने 56 रन की पारी खेली थी, जबकि सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ मैच में उन्होंने नाबाद 44 रन की पारी खेली थी. फाइनल में भी रॉड्रिग्स का बल्ला चला था और उन्होंने 33 रन का योगदान दिया था.