- क्रिकेट न्यूज़
- News
- ICC to probe David Warner and Quinton de Kock exchange
डेविड वार्नर और क्विंटन डीकॉक के बीच झगड़े की आइसीसी कर रहा है जांच
नाथन लियोन के बर्ताव को अमर्यादित मानते हुए आइसीसी ने उन्हें एबी डिविलिर्स से माफी मांगने के लिए कहा
Published On Mar 05, 2018, 08:15 PM IST
Last UpdatedMar 05, 2018, 08:15 PM IST
जैंटलमैन गेम के नाम से मशहूर क्रिकेट की छवि ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए पहले मैच के दौरान काफी खराब हुई है। डेविड वार्नर और दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ी क्विंटन डीकॉक के बीच झगड़े का वीडियाे वायरल होने के बाद दोनों देशों के क्रिकेट बोर्ड की तरफ से प्रतिक्रिया आ चुकी है। अब गेंंद आइसीसी के पाले में चली गई है।
डरबन टेस्ट के चौथे दिन चाय काल के दौरान दोनों देशों के खिलाड़ी आपस में भिड़ गए थे। स्टेडियम में सीढि़यों के पास ल्रगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई, जिसमें डेविड वार्नर को डीकॉक की ओर आगे बढ़ते साफ देखा जा सकता है। ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाड़ी वार्नर को रोकने का प्रयास कर रहे हैं। इस घटना की ऑडियों रिकॉर्डिंग उपलब्ध नहीं है।
दक्षिण अफ्रीका टीम के मैनेजर मोहम्मद मूसाजी ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण मानते हुए कहा, “दिन खत्म होने के बाद मैच रैफरी ने हमसे बात की थी। इस मसले पर हमें आइसीसी की तरफ से अगली सूचना मिलने का इंतजार कर रहे हैं।” वहीं, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की तरफ से कहा गया कि दोनों टीमों के मैनेजर और मैच रेफरी के बीच इस मसले पर बातचीत हो चुकी है। अब फील्ड अंपायर और मेच रैफरी काे इसपर निर्णय लेना है।
इसी बीच एबी डिविलियर्स को रन आउट करने के बाद ऑस्ट्रेलिया के ऑफ स्पिनर नाथन लियोन के फील्ड पर बर्ताव को आइसीसी ने खेल की मर्यादा के बाहर माना है। डिविलियर्स को रन आउट करने के बाद लियोन ने गेंद को डिविलियर्स के पास पटका था। ये घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। आइसीसी ने इस बर्ताव के लिए लियोन को माफी मांगने के लिए कहा है। अगर वे ऐसा नहीं करेंगे तो उन्हें इसके लिए नेगेटिव प्वाइंट मिलेंगे। साथ ही लियोन पर इसके लिए जुर्माना भी लगाया जा सकता है। सोमवार को मुलाकात के दौरान दोनों खिलाड़ी हाथ मिलाते हुए भी नजर आए थे।