अंडर 19 वर्ल्ड कप: स्टीव वॉ के बेटे ऑस्टिन की ऑस्ट्रेलियाई टीम में एंट्री
न्यूजीलैंड में खेला जाना है अंडर 19 वर्ल्ड कप
Published On Dec 15, 2017, 09:34 PM IST
Last UpdatedDec 15, 2017, 09:34 PM IST

ऑस्ट्रेलिया को वर्ल्ड कप जिताने वाले कप्तान स्टीव वॉ ने अपने देश के लिए काफी नाम कमाया। उनके भाई मार्क वॉ ने भी ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में अहम योगदान दिया। अब वॉ परिवार की दूसरी पीढ़ी ऑस्ट्रेलियाई टीम में आने को तैयार है। स्टीव वॉ के बेटे ऑस्टिन वॉ का सेलेक्शन अंडर-19 वर्ल्ड कप के लिये चुनी गयी 15 सदस्यीय ऑस्ट्रेलियाई टीम में हुआ है। अंडर-19 वर्ल्ड कप न्यूजीलैंड में अगले साल 13 जनवरी से तीन फरवरी तक खेला जायेगा। आपको बता दें ऑस्ट्रेलिया और भारत ने अंडर 19 वर्ल्ड कप 3-3 बार अपने नाम किया है। अब इन दोनों ही टीमों के बीच सबसे ज्यादा चौथी बार इस खिताब को जीतने की लड़ाई होगी।
जैसन सांघा टीम के कप्तान है और ऑस्टिन के अलावा टीम में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेम्स सदरलैंड के बेटे विल सदरलैंड को भी जगह मिली है जो इसके उपकप्तान हैं। पिछले साल अंडर-17 राष्ट्रीय चैम्पियनशिप के फाइनल में ऑस्टिन ने नाबाद शतक लगाया था। इस साल श्रीलंका का दौरा करने वाली अंडर-19 के भी वो सदस्य थे। ऑस्ट्रेलियाई की अंडर 19 टीम के कोच पूर्व तेज गेंदबाज रेयान हैरिस होंगे जबकि पूर्व सलामी बल्लेबाज क्रिस रोजर्स उनके सहायक होंगे। ऑस्ट्रेलिया ग्रुप बी में भारत के खिलाफ 14 जनवरी को होने वाले मैच से अपने अभियान की शुरूआत करेगा। इस ग्रुप में जिम्बाब्वे और पपुआ न्यू गिनी की टीमें भी शामिल हैं।
[link-to-post url=”https://www.cricketcountry.com/hi/news/bcci-plans-to-hire-fast-pitch-ground-in-south-africa-for-training-reports-670025″][/link-to-post]
ऑस्ट्रेलिया की अंडर 19 टीम- जेसन संघा(कप्तान), विल सदरलैंड(उपकप्तान), जेवियर बार्टलेट, मैक्स ब्रायंस, जैक एडवर्ड्स, जैक इवांस, जेर्रॉड फ्रीमैन, रेयान हैडली, बैक्सटर हॉल्ट, नाथन मैक्सवैनी, जोनाथन मेरलो, लॉयड पोप, जेसन राल्सटन, परम उप्पल और ऑस्टिन वॉ।