×

अंडर 19 विश्व कप: पृथ्वी शॉ-मनोज कालरा की शानदार पारियों की मदद से भारत ने ऑस्ट्रेलिया के सामने 329 रनों का लक्ष्य रखा

टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 328 रन बनाए।

user-circle cricketcountry.com Written by Gunjan Tripathi
Last Published on - January 14, 2018 12:12 PM IST

आईसीसी अंडर 19 विश्व कप के पहले ही मैच में भारतीय बल्लेबाजों ने कमाल कर दिया। कप्तान पृथ्वी शॉ, सलामी बल्लेबाज मनोज कालरा और शुभमन गिल की शानदार अर्धशतकीय पारियों की मदद से भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया के सामने जीत के लिए 329 रनों का लक्ष्य रखा है। भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन कप्तान ने बनाए, पृथ्वी ने 100 गेंदों में 94 रनों की पारी खेली लेकिन वो अपना शतक पूरा नहीं कर सके। मनोज कालरा ने 99 गेंदो में 86 रन बनाए और शुभमन गिल ने 54 गेंदो में 63 रनों की पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया के जेक एडवर्ड ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए हैं।

[link-to-post url=”https://www.cricketcountry.com/hi/news/if-virat-kohli-fails-in-centurion-then-he-should-keep-himself-out-of-playing-xi-virender-sehwag-678026″][/link-to-post]

बे ओवल में खेले जा रहे इस मैच में भारतीय कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पारी की शुरुआत करने आए पृथ्वी और मनोज ने टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। दोनो बल्लेबाजों के बीच पहले विकेट के लिए 180 रनों की शानदार साझेदारी बनी। 29 ओवर तक भारत ने एक भी विकेट नहीं खोया था। ऑस्ट्रेलिया को पहली सफलता 30वें ओवर में विल सदरलैंड ने दिलाई, जब ओवर की चौथी गेंद पर कैच आउट होकर पृथ्वी शॉ केवल 6 रनों से अपने शतक से चूक गए।

कप्तान के जाने के बाद मनोज कालरा भी 35वें ओवर में परम उप्पल की गेंद पर आउट होकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद शुभमन गिल ने पहले हिमांशू राणा (14) और फिर अभिषेक शर्मा (23) के साथ छोटी साझेदारियां बनाई। 46वें ओवर में जैक एडवर्ड ने गिल को अपनी ही गेंद पर कैच आउट किया। गिल के जाने के बाद एडवर्ड ने तेजी से पुछल्ले बल्लेबाजों को भी समेटा। हालांकि ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज 50 ओवर में भारत के पूरे 10 विकेट नहीं ले सके। टीम इंडिया ने 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 328 रन बनाए।