×

भारतीय बल्लेबाज ऋषभ पंत ने जड़ा अंडर-19 क्रिकेट का सबसे तेज अर्धशतक

पंत ने सिर्फ 18 गेंदों का सामना करते हुए अर्धशतक जड़ डाला

user-circle cricketcountry.com Written by Indo-Asian News Service
Last Updated on - February 1, 2016 5:06 PM IST

अंडर-19 टीम इंडिया © Getty Images
अंडर-19 टीम इंडिया © Getty Images

भारत की अंडर-19 क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज ऋषभ पंत ने अंडर-19 क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक का नया रिकॉर्ड बना डाला। उन्होंने यह कारनामा बांग्लादेश में चल रहे अंडर-19 विश्व कप में नेपाल के खिलाफ भारत के आखिरी ग्रुप मुकाबले में किया। नेपाल से मिले 170 रनों के साधारण लक्ष्य का पीछा करते हुए पंत ने 18 गेंदों में अर्धशतक जड़ डाला, जिसकी बदौलत भारत मात्र 18.1 ओवरों में सात विकेट से बड़ी जीत हासिल करने में सफल रहा।नेपाल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए संशोधित 48 ओवरों के मैच में आठ विकेट के नुकसान पर 169 रन बनाए थे। ये भी पढ़ें: टी20 में नंबर एक टीम बनी टीम इंडिया

प्रेम तमांग को अपना विकेट देने से पहले पंत ने 78 रनों की अपनी पारी में महज 24 गेंदों का सामना किया और नौ चौके तथा पांच छक्के लगाए। पंत ने बाउंड्री के जरिए ही 66 रन बटोरे। इससे पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ हुए मैच में उन्होंने काफी धीमी पारी खेली थी। पंत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 83 गेंदों में 57 रन बनाए थे। ये भी पढ़ें: आमिर धीरे-धीरे लय में आ रहे हैं: वकार

पंत से पहले अंडर-19 स्तर पर सबसे तेज अर्धशतक का रिकार्ड वेस्टइंडीज के ट्रेवोन ग्रीफिथ के नाम था। ग्रिफिथ ने 2010 में 19 गेंदों में अर्धशतक लगाकर यह कीर्तिमान कायम किया था। ऑस्ट्रेलिया के जॉर्ज बैले ने 2002 में अंडर-19 क्रिकेट में खेलते हुए 21 गेंदों में अर्धशतक जड़ा था।

TRENDING NOW

पंत के तूफानी पारी के बदौलत उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला। भारतीय कप्तान इशान किशन ने 40 गेंदों का सामना करते हुए 52 रन बनाए जिसमें सात चौके व तीन छक्के शामिल हैं। भारत की तरफ से आवेश खान ने 8 ओवर में 34 रन देकर 3 विकेट झटके इसके साथ ही साथ खान ने 1 मैडन ओवर भी किया। मयंक डागर व वाशिंगटन सुंदर ने दो दो विकेट हासिल किए।