add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

टी-20 वर्ल्ड कप भारत में ही खेलना होगा, आईसीसी की बांग्लादेश को दो टूक, कहा- कोई खतरा नहीं है

कोलकाता और मुंबई में बांग्लादेश के तय मैचों से जुड़े जोखिम को कम से मध्यम माना गया है और ऐसे किसी जोखिम का कोई संकेत नहीं है

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - January 12, 2026 10:25 PM IST

टी-20 वर्ल्ड कप भारत से बाहर खेलने की बांग्लादेश की मांग को झटका लगा है. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने सोमवार को संकेत दिया कि वह भारत में होने वाले टी20 विश्व कप मुकाबलों के स्थल को बदलने की बांग्लादेश की मांग को स्वीकार नहीं करेगा क्योंकि देश की सुरक्षा चिंताओं पर एक आकलन रिपोर्ट में खतरे की आशंका काफी कम है.

आईसीसी के सूत्रों के अनुसार वैश्विक संचालन संस्था की जोखिम आकलन रिपोर्ट में सात फरवरी से शुरू होने वाले टूर्नामेंट में बांग्लादेश टीम के हिस्सा लेने पर किसी विशिष्ट या सीधे खतरे का जिक्र नहीं किया गया है।

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

यह बांग्लादेश के खेल मंत्रालय के सलाहकार आसिफ नजरुल के इस दावे का भी खंडन करता है कि मुस्ताफिजुर रहमान को टीम में शामिल करने से खतरे में बढ़ोतरी होगी. बांग्लादेश को भारत में लीग चरण के चार मैच खेलने हैं.

भारत में कोई खतरा नहीं: आईसीसी

आईसीसी के सूत्र ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर पीटीआई को बताया,यह स्पष्ट करना जरूरी है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित सुरक्षा विशेषज्ञों द्वारा किए गए आईसीसी के स्वतंत्र जोखिम आकलनों से यह नतीजा नहीं निकलता कि बांग्लादेश भारत में अपने तय मैच नहीं खेल सकता. सूत्र ने कहा,भारत में टूर्नामेंट के लिए कुल मिलाकर सुरक्षा जोखिम को कम से मध्यम आंका गया है जो कई बड़ी वैश्विक खेल प्रतियोगिताओं के प्रोफाइनल के अनुरूप है.

सूत्र के अनुसार आकलन में भारत में किसी भी जगह बांग्लादेश के अधिकारियों के लिए भी कोई सीधा खतरा नहीं पाया गया. सूत्र ने कहा, पेशेवर सलाह के आधार पर कोलकाता और मुंबई में बांग्लादेश के तय मैचों से जुड़े जोखिम को कम से मध्यम माना गया है और ऐसे किसी जोखिम का कोई संकेत नहीं है जिससे स्थापित सुरक्षा योजना और बचाव उपायों के जरिए प्रभावी ढंग से नहीं निपटा जा सके.

इससे पहले ढाका में नजरुल ने सार्वजनिक बयान दिया था कि आईसीसी की रिपोर्ट में मुस्ताफिजुर के लिए खतरे की बात कही गई थी जिन्हें भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के निर्देशों पर आसपास के घटनाक्रम के कारण आईपीएल से बाहर कर दिया गया था जिसके बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने टीम को वापस बुलाने की धमकी दी थी.

आईसीसी से आधिकारिक जवाब का इंतजार: बीसीबी

बीसीबी ने कहा, ‘‘युवा एवं खेल मंत्रालय के सलाहकार ने आज जिस बातचीत का जिक्र किया वह आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप से पहले बांग्लादेश टीम के लिए खतरे के आकलन से जुड़ी बीसीबी और आईसीसी के सुरक्षा विभाग के बीच हुई अंदरूनी बातचीत के बारे में थी. उन्होंने कहा,यह बांग्लादेश के मुकाबलों को भारत से बाहर कराने के बीसीबी के आग्रह पर आईसीसी की तरफ से कोई औपचारिक जवाब नहीं था. हालांकि बीसीबी ने दोहराया कि उसने ‘टीम की सुरक्षा के हित में’ बांग्लादेश के मुकाबलों को भारत से बाहर स्थानांतरित करने का अनुरोध किया है और वह इस मामले पर आईसीसी से आधिकारिक जवाब का इंतजार कर रहा है.

टी-20 वर्ल्ड कप के शेड्यूल में नहीं होगा बदलाव

हालांकि आईसीसी के सूत्र ने कहा कि मौजूदा कार्यक्रम में बदलाव होने की संभावना नहीं है. सूत्र ने कहा, आईसीसी को बीसीसीआई और संबंधित स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर किए जा रहे सुरक्षा इंतजामों पर पूरा भरोसा है जिनका बड़ी अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं को सुरक्षित रूप से आयोजित करने का एक मजबूत और साबित ट्रैक रिकॉर्ड है. आईसीसी ने यह भी दोहराया कि उसकी सुरक्षा योजना एक लगातार चलने वाली प्रक्रिया है.

इनपुट- पीटीआई भाषा

T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़े सभी ताजा अपडेट आप देख सकते हैं: https://www.cricketcountry.com/hi/icc-mens-t20-world-cup-2026/