- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Icc will not take any decision on t20 world cup 2020 before august 4005199
अगस्त से पहले टी20 विश्व कप के आयोजन पर कोई फैसला नहीं लेगी आईसीसी
आईसीसी टी20 विश्व कप का आयोजन 18 अक्टूबर से 15 नवंबर तक ऑस्ट्रेलिया में होना है।
Published On Apr 20, 2020, 10:24 AM IST
Last UpdatedApr 20, 2020, 10:24 AM IST
कोरोना वायरस महामारी की वजह से इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2020) के 13वें सीजन के रद्द होने के बाद अब आगामी टी20 विश्व कप पर भी खतरे के बादल मंडरा रहे हैं। हालांकि आईसीसी (ICC) ने अभी तक टूर्नामेंट के आयोजन में बदलाव को लेकर कोई घोषणा नहीं की है। काउंसिल का कहना है कि वो अगस्त के बाद ही विश्व कप को लेकर फैसला कर सकेंगे।
बता दें कि टी20 विश्व कप का आयोजन 18 अक्टूबर से 15 नंवबर के बीच ऑस्ट्रेलिया में किया जाना है। लेकिन अब खबर है कि इस टूर्नामेंट को अगले साल तक के लिए स्थगित किया जा सकता है।
टाइम्स ऑफ इंडिया में छपी खबर के मुताबिक आईसीसी अधिकारी ने कहा, “फिलहाल स्थिति धूमिल है और लोगों का स्वास्थय ही प्राथमिकता है। हालांकि, अगर स्थिति अगले कुछ महीनों में सुधर जाती है तो? अगर आईसीसी ये ऐलान करता है कि टी20 विश्व कप मई तक के लिए स्थगित हो गया है और चीजें अगले कुछ महीनों में सुधर जाती है और फिर हमें एहसास होता है कि हमने जल्दबाजी में फैसला लिया।”
उन्होंने आगे कहा, “आईसीसी इस टूर्नामेंट के भविष्य पर फैसला करने के लिए अगस्त तक पूरा समय लेगी। उससे पहले किसी घोषणा की उम्मीद ना करें।”
दुनिया भर में तेजी से फैल रहे कोरोना वायरस की वजह से टोक्यो ओलंपिक और विंबलडन समेत कई बड़ी खेल प्रतियोगिताएं रद्द हो चुकी हैं। बीसीसीआई ने भी भारत में लॉकडाउन की अवधि बढ़ने के साथ ही आईपीएल 2020 टूर्नामेंट को रद्द कर दिया।
आईसीसी अधिकारी ने आगे कहा, “फिलहाल, सब कुछ तय योजना के हिसाब से हो रहा है और माना जा रहा है कि टूर्नामेंट तय शेड्यूल पर ही होगा। इसलिए ऑस्ट्रेलिया में मौजूद आईसीसी की लोकल आयोजक समिति अपना काम तेजी से कर रही है।”