- क्रिकेट न्यूज़
- News
- ICC Women World Cup Qualifier 2017: India beat Bangladesh by 9 wickets to qualify for World Cup
बांग्लादेश पर बड़ी जीत से भारत ने महिला विश्व कप में जगह बनाई
लगातार सारे मैच जीतकर मिताली राज की कप्तानी में भारत ने जारी रखा अजेय अभियान।
Published On Feb 17, 2017, 05:43 PM IST
Last UpdatedFeb 17, 2017, 05:43 PM IST

कप्तान मिताली राज और सलामी बल्लेबाज मोना मेशराम की शानदार पारियों से भारतीय महिला टीम ने आज यहां महिला विश्व कप क्वालिफायर के सुपर सिक्स मैच में बांग्लादेश को 99 गेंद शेष रहते हुए नौ विकेट से करारी शिकस्त देकर इंग्लैंड में 24 जून से 23 जुलाई के बीच होने वाले आईसीसी महिला विश्व कप 2017 के लिये क्वालीफाई किया। भारतीय कप्तान मिताली राज ने टॉस जीतकर बांग्लादेश को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया। भारतीयों ने बेहद कसी हुई गेंदबाजी की और बांग्लादेश को निर्धारित 50 ओवर में आठ विकेट पर 155 रन ही बनाने दिये। भारत ने अब तक अपने सारे ग्रुप मैच जीते हैं।
बांग्लादेश की तरफ से फरजाना हक ने 50 और शर्मीन अख्तर ने 35 रन बनाये। भारत के लिये मध्यम गति की गेंदबाज मानसी जोशी ने 25 रन देकर तीन जबकि देविका वैद्य ने 17 रन देकर दो विकेट लिये। बेहतरीन फार्म में चल रही मिताली ने नाबाद 73 रन और मोना ने नाबाद 78 रन बनाकर एक बार फिर शानदार बल्लेबाजी का नजारा पेश किया। इन दोनों ने दीप्ति शर्मा के 22 गेंद पर एक रन बनाकर नौवें ओवर में आउट होने के बाद दूसरे विकेट के लिये 136 रन की अटूट साझेदारी की जिससे भारत ने 33.3 ओवर में एक विकेट पर 158 रन बनाकर जीत दर्ज की। मिताली ने अपनी पारी में 87 गेंदें खेली तथा दस चौकों के अलावा विजयी छक्का लगाया। मोना की 92 गेंद की पारी में 12 चौके शामिल हैं। ये भी पढ़ें: आईपीएल 2017: गेंदबाजों पर रहेगी रॉयल चैलेंजर बैंगलौर की नज़र
भारत ने इस तरह से टूर्नामेंट में अपना विजय अभियान भी जारी रखा। लीग चरण में अपने सभी मैच जीतने वाली भारतीय टीम के सुपर सिक्स में अब चार मैचों में आठ अंक हो गये हैं जिससे उसने फाइनल में भी अपनी जगह लगभग सुनिश्चित कर दी। भारत को सुपर सिक्स में अपना आखिरी मैच 19 फरवरी को चिरप्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से खेलना है। उम्मीद है टीम मिताली यहां भी जीत हासिल कर विश्वकप में जगह पक्की करेगी।