- क्रिकेट न्यूज़
- News
- ICC Women World Cup Qualifier 2017, Super Six: India beat South Africa by 49 runs
भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 49 रनों से हराया
विश्वकप क्वालीफायर 2017 में सुपर सिक्स के पहले मैच में टीम इंडिया ने दर्ज की जीत।
Published On Feb 15, 2017, 05:56 PM IST
Last UpdatedFeb 15, 2017, 05:56 PM IST

कप्तान मिताली राज और मोना मेशराम के अर्धशतकों तथा शिखा पांडे और एकता बिष्ट की शानदार गेंदबाजी से भारतीय महिला टीम ने सुपर सिक्स के अपने पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका को 49 रन से हराकर आईसीसी महिला विश्व कप क्वालीफायर में अपना विजय अभियान जारी रखा। लीग चरण में अपने सभी मैच जीतने वाली भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने पर निर्धारित 50 ओवरों में आठ विकेट पर 205 रन बनाये। मिताली ने फिर से पारी संवारने में अहम भूमिका निभायी और 64 रन बनाये। उन्होंने मोना (55) के साथ दूसरे विकेट के लिये 96 रन की साझेदारी की। दक्षिण अफ्रीका भी लीग चरण में अपने सभी मैच जीतकर भारत की तरह चार अंक लेकर सुपर सिक्स में पहुंचा था।
उसके लिये हालांकि भारत के तेज और स्पिन मिश्रित आक्रमण का सामना करना मुश्किल रहा और उसकी पूरी टीम 46.4 ओवर में 156 रन पर सिमट गयी। दक्षिण अफ्रीका की तरफ से भारतीय मूल की विकेटकीपर बल्लेबाज तृषा चेट्टी (52) ही कुछ संघर्ष कर पायी। भारत की तरफ से मध्यम गति की गेंदबाज शिखा पांडे ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 34 रन देकर चार विकेट लिये जबकि बायें हाथ की स्पिनर एकता बिष्ट ने दस ओवर में 22 रन देकर तीन विकेट हासिल किये। दीप्ति शर्मा, पूनम यादव और राजेश्वरी गायकवाड़ ने एक . एक विकेट लिया। शिखा और एकता ने पहले चार ओवरों में दक्षिण अफ्रीकी सलामी जोड़ी को पवेलियन की राह दिखा दी। इसके बाद तृषा चेट्टी ने लगभग 30 ओवर तक एक छोर संभाले रखा लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने उन्हें भी खुलकर नहीं खेलने दिया। तृषा के अलावा मारिजोन कैप ने 29 और कप्तान डेन वान नीकर्क ने 20 रन बनाये। वान नीकर्क ने मोना को बोल्ड करके यह साझेदारी तोड़ी जिन्होंने अपनी 85 गेंद की पारी में पांच चौके और दो छक्के लगाये। आलराउंडर हरमनप्रीत कौर (सात) ज्यादा देर तक नहीं टिक पायी जबकि मिताली 40वें ओवर में पवेयिलन लौटी। भारतीय कप्तान ने 85 गेंदें खेली तथा 10 चौके लगाये। अन्य बल्लेबाजों में वेदा कृष्णमूर्ति ने 18, देविका वैद्य ने 19 और शिखा पांडे ने 21 रन का योगदान दिया। दक्षिण अफ्रीका के लिये मारिजोन कैप और अयाबोंगा खाका ने दो . दो विकेट लिये। भारत के इस जीत से सुपरसिक्स में छह अंक हो गये हैं और वह अंकतालिका में शीर्ष पर पहुंच गया है। ये भी पढ़ें: हम अपनी सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलकर भारत को हराने आए हैं: डेविड वॉर्नर
दिन के अन्य मैचों में श्रीलंका ने पाकिस्तान को पांच विकेट से हराकर दो अंक हासिल किये। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने पर नाहिदा खान (64) और जावेरिया खान (63) के अर्धशतकों की मदद से सात विकेट पर 212 रन बनाये। श्रीलंका ने ईशानी कौशल्या (नाबाद 65) के अर्धशतक के दम पर 47.4 ओवर में पांच विकेट पर 216 रन बनाकर जीत दर्ज की। श्रीलंका के अब चार अंक हो गये हैं। उधर बांग्लादेश ने आयरलैंड को सात विकेट से हराकर सुपर सिक्स में अपना खाता खोला। बांग्लादेश ने पहले क्षेत्ररक्षण करते हुए आयरलैंड को 47.1 ओवर में 144 रन पर आउट कर दिया और फिर शार्मिन अख्तर की 52 रन की पारी की मदद से 39.1 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर दिया।