भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका को 114 रनों से हराया

आईसीसी महिला विश्व कप क्वालिफायर में टीम इंडिया ने दर्ज की पहली जीत।

Edited By : Press Trust of India |Feb 07, 2017, 06:16 PM IST

Published On Feb 07, 2017, 06:16 PM IST

Last UpdatedFeb 07, 2017, 06:16 PM IST

कपतान मिताली राज © Getty Images
कपतान मिताली राज © Getty Images

दीप्ति शर्मा के आलराउंड खेल तथा युवा बल्लेबाज देविका वैद्य और कप्तान मिताली राज की बड़ी अर्धशतकीय पारियों की मदद से भारत ने आज मेजबान श्रीलंका को 114 रन से करारी शिकस्त देकर आईसीसी महिला विश्व कप क्वालीफायर में अपने अभियान का शानदार आगाज किया। भारत ने ग्रुप ए के इस मैच में पहले बल्लेबाजी का फैसला करने के बाद दीप्ति शर्मा के 54 रन, देविका की 89 रनों की पारी और मिताली के नाबाद 70 रनों की बदौलत निर्धारित 50 ओवरों में चार विकेट पर 259 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। श्रीलंका की टीम इसके जवाब में आठ विकेट पर 145 रन ही बना पायी। भारत को इस जीत से दो अंक मिले। ये भी पढ़ें: बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट के लिए अमित मिश्रा की जगह कुलदीप यादव टीम में शामिल

भारतीय स्पिनरों ने शुरू से ही श्रीलंकाई बल्लेबाजों पर अंकुश लगाये रखा। बायें हाथ की स्पिनर राजेश्वरी गायकवाड़ ने दस ओवर में 19 रन देकर दो विकेट लिये जबकि बायें हाथ की एक अन्य स्पिनर एकता बिष्ट ने भी 27 रन के एवज में दो विकेट झटके। दीप्ति ने बल्लेबाजी में कमाल दिखाने के बाद गेंदबाजी में भी अपना जलवा दिखाया तथा अपनी ऑफ ब्रेक गेंदबाजी से दस ओवर में 12 रन देकर एक विकेट हासिल किया। श्रीलंका ने शुरू से ही नियमित अंतराल में विकेट गंवाये। उनकी तरफ से हसीनी परेरा ने सर्वाधिक 34 रन बनाये जबकि चमारी अटापट्टू ने 30 और इर्शानी कौशल्या ने 26 रन का योगदान दिया। इससे पहले बायें हाथ की बल्लेबाज दीप्ति ने भारत को धीमी लेकिन ठोस शुरूआत दी। मोना मेशराम के पांचवें ओवर में छह रन बनाकर आउट होने के बाद दीप्ति और 19 वर्षीय बल्लेबाज देविका ने दूसरे विकेट के लिये 123 रन की साझेदारी की। देविका ने अपनी पारी में 103 गेंदों का सामना किया था 11 चौके लगाये जबकि मिताली ने 62 गेंदें खेली और आठ चौके जमाये। दीप्ति की 96 गेंदों की पारी में चार चौके और एक छक्का शामिल है। श्रीलंका की तरफ से उदेशिका प्रबोधिनी ने दो जबकि श्रीपाली वीराकोडी और इनोशी प्रियदर्शिनी ने एक . एक विकेट लिया। अपना दूसरा मैच खेल रही देविका को मैच की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। ये भी पढ़ें: टी20 मैच में दिल्ली के मोहित अहलावत ने बनाए 300 रन

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

ग्रुप ए के ही एक अन्य मैच में आयरलैंड की महिला टीम ने जिम्बाब्वे को 119 रन से करारी शिकस्त दी। आयरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 237 रन बनाये और फिर जिम्बाब्वे को 37.5 ओवर में 118 रन पर आउट कर दिया। दूसरी तरफ ग्रुप बी में दक्षिण अफ्रीका ने पाकिस्तान पर 63 रन की जीत दर्ज की। दक्षिण अफ्रीकी टीम चोले ट्रायोन के 79 रन की बदौलत नौ विकेट पर 258 रन बनाने में सफल रही। इसके जवाब में पाकिस्तानी टीम छह विकेट पर 195 रन ही बना पायी। बांग्लादेश ने ग्रुप बी में ही पापुआ न्यूगिनी को 118 रन से पराजित किया। बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 215 रन बनाये और फिर पापुआ न्यूगिनी को 32 . 1 ओवर में 97 रन पर ढेर कर दिया।

Editor's Pick