- क्रिकेट न्यूज़
- News
- ICC Women’s World Cup 2017: Australia needs 282 runs to win against India in 2nd semi-final
सेमीफाइनल में भारत ने ऑस्ट्रेलिया के सामने रखा 282 रनों का लक्ष्य
भारत की तरफ से हरमनप्रीत कौर ने शानदार 171* रनों की पारी खेली
Published On Jul 20, 2017, 09:51 PM IST
Last UpdatedJul 20, 2017, 09:51 PM IST

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे आईसीसी विश्व कप 2017 के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के सामने जीत के लिए 282 रनों का लक्ष्य रखा है। भारत ने निर्धारित 42 ओवरों में 281/4 का स्कोर बनाया। भारत की तरफ से हरमनप्रीत कौर ने शानदार बल्लेबाजी की और बेहतरीन शतक लगाया। कौर ने लाजवाब बल्लेबाजी की और 115 गेंदों में नाबाद 171 रनों की पारी खेली। कौर ने अपनी पारी में 20 चौके और 7 छक्के लगाए। कौर के अलावा मिताली राज ने (36), दीप्ति शर्मा ने (25) रनों की पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से स्कल्ट, गार्डनर, बीम्स ने 1-1 खिलाड़ी को आउट किया। ये भी पढ़ें: सेमीफाइनल में हरमनप्रीत कौर ने बनाए ऐसे रिकॉर्ड जो ‘विराट कोहली’, ‘सचिन तेंदुलकर’ भी नहीं बना पाए
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम का पहला विकेट मात्र 6 रन के कुल योग पर ही गिर गया। पहले विकेट के रूप में स्मृति मंधाना (6) रन बनाकर आउट हुईं। अभी भारत पहले झटके से उबर पाता कि पूनम राउत (14) भी पवेलियन लौट गईं। टीम इंडिया पर ऑस्ट्रेलिया ने दबाव बना दिया था। हालांकि इस बीच कप्तान मिताली राज और हरमनप्रीत कौर ने पारी को संभाला और दोनों ने टीम को संकट से निकाला। मिताली और कौर ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों का डटकर सामना किया और स्कोर को आगे बढ़ाती रहीं। दोनों ने स्कोर को 100 के पार पहुंचा दिया।
जब लगने लगा कि मिताली अपना अर्धशतक पूरा कर लेंगी तभी मिताली (36) रन बनाकर तीसरे विकेट के रूप में आउट हुईं। हालांकि दूसरे छोर पर कौर ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। अर्धशतक पूरा करने के बाद कौर ने और आक्रामक रुख अख्तियार कर लिया और तेजी से रन बनाने लगीं। इस बीच दीप्ति शर्मा ने कौर का अच्छा साथ दिया। दीप्ति ने आते ही तेजी से रन बानए और कौर पर दबाव नहीं आने दिया। इसी बीच कौर ने अपना शतक पूरा कर लिया।
दोनों बल्लेबाजों ने ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक रणनीति अपनाई और तेज गति से रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने भारत के स्कोर को 200 के पार पहुंचा दिया। कौर ने गार्डनर के 37वें ओवर में 2 छक्के और 2 चौके जड़कर कुल 23 रन बटोरे। हालांकि इसी बीच भारत को चौथा झटका भी लग गया, लेकिन कौर ने रन बनाना जारी रखा। इसी बीच कौर ने अपने 150 रन भी पूरे कर लिए और किसी भारत की तरफ से किसी भी विश्व कप में सर्वोच्च रन बनाने वाली खिलाड़ी बन गईं। कौर अंत तक आउट नहीं हुईं और भारत ने निर्धारित 42 ओवरों में 281 रन बनाए। कौर ने नाबाद 171 रनों की पारी खेली।