- क्रिकेट न्यूज़
- News
- ICC Womens World Cup, 2017, West Indies Women vs India Women, 7th Match: India need 184 runs to win
भारतीय महिला गेंदबाजों के आगे वेस्टइंडीज ने टेके घुटने, टीम इंडिया को मिला 184 रनों का लक्ष्य
भारत की ओर से दीप्ति शर्मा, पूनम यादव और हरमनप्रीत कौर ने दो-दो विकेट लिए। इसके अलावा एकता बिष्ट ने एक विकेट लिया।
Published On Jun 29, 2017, 06:23 PM IST
Last UpdatedJun 29, 2017, 06:23 PM IST

महिला विश्व कप में टीम इंडिया अपना दूसरा मैच वेस्टइंडीज के खिलाफ खेल रही है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 50 ओवरों में 8 विकेट पर 183 का स्कोर बनाया और टीम इंडिया को 184 रन का लक्ष्य दिया। वेस्टइंडीज की ओर से हेयली मैथ्यूज ने सर्वाधिक 43 रन बनाए। उनके अलावा एफी फ्लैचर ने 36* और शेनल डैयली ने 33 रन बनाए। वहीं कुल चार बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं पार कर सके। भारत की ओर से दीप्ति शर्मा, पूनम यादव और हरमनप्रीत कौर ने दो-दो विकेट लिए। इसके अलावा एकता बिष्ट ने एक विकेट लिया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज टीम की शुरुआत खराब रही और वेस्टइंडीज का पहला विकेट फैलिसिया वॉल्टर्स के रूप में 29 रनों के स्कोर पर गिर गया। वॉल्टर्स ने 18 गेंदों में 9 रन बनाए। उन्हें एकता बिष्ट ने सुषमा वर्मा के हाथों आउट करवाया। इसके बाद हैयली मैथ्यूज ने दूसरे विकेट के लिए कप्तान स्टेफनी टेलर के साथ 30 रन जोड़े ही थे कि टेलर को स्मृति मंधाना ने शानदार थ्रो के सहारे रन आउट कर दिया। टेलर ने 16 रन बनाए। यही थ्रो मैच का टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ और धड़ाधड़ विकेट गिरने शुरू हो गए। [ये भी पढ़ें: स्मृति मंधाना बनीं महिला क्रिकेट टीम की ‘सर’ रवींद्र जडेजा, कर दिया हैरतअंगेज रन आउट]
आनन-फानन में वेस्टइंडीज के 91 रनों पर 6 विकेट गिर गए। इसके बाद वेस्टइंडीज के कुछ बल्लेबाजों ने धैर्य दिखाया और छोटी- मझोल साझेदारियां देखने को मिली। नौवें विकेट के लिए एफी फ्लैचर- एनिसा मोहम्मद ने नाबाद 29 गेंदों में 37 रनों की साझेदारी निभाई और वेस्टइंडीज के स्कोर को 50 ओवरों में 183/8 तक पहुंचा दिया। टीम इंडिया की बल्लेबाजी बेहद मजबूत है इस लिहाज से यह स्कोर बहुत छोटा दिखाई देता है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि टीम इंडिया मैच को कितने ओवरों में जीत लेती है।