महिला वर्ल्‍ड T20: हाईवोल्‍टेज मुकाबले में पाक से हिसाब बराबर को उतरेगा भारत

भारतीय महिला ि‍क्रिकेट टीम ने अपने पहले मैच में न्‍यूजीलैंड को 34 रन से हराकर धमाकेदार शुरुआत की।

Edited By : Kamlesh Rai |Nov 10, 2018, 07:58 PM IST

Published On Nov 10, 2018, 07:58 PM IST

Last UpdatedNov 10, 2018, 07:58 PM IST

india-women (ICC Image)

आत्‍मविश्‍वास से ओतप्रोत भारतीय महिला क्रिकेट टीम  आईसीसी T-20 विश्‍व कप के अपने दूसरे मैच में रविवार को चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्‍तान के खिलाफ जीत की लय बरकरार रखने के इरादे से उतरेगी।

हरमनप्रीत कौर की कप्‍तानी वाली टीम इंडिया ने शुक्रवार रात खेले गए अपने पहले मैच में न्‍यूजीलैंड को 34 रन से हराकर इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में धमाकेदार शुरुआत की है।

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

आंकड़ो में टीम इंडिया का पलड़ा भारी

भारत और पाकिस्तान की महिला टीमें T-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अब तक कुल 10 बार आमने-सामने हो चुकी हैं, जिसमें 8 बार भारत ने तो 2 बार पाकिस्तान ने बाजी मारी है। T-20 विश्वकप में दोनों टीमें अब तक 5 बार एक-दूसरे से भिड़ चुकी हैं जहां 03 बार भारत को जीत नसीब हुई है।

हरमनप्रीत पर होगी नजर

पाकिस्‍तान के खिलाफ हरमनप्रीत कौर पर सबकी निगाहें होंगी जिन्‍होंने न्‍यूजीलैंड के खिलाफ 51 गेंदों पर 103 रन की पारी खेल अपनी टीम को मुश्किल से निकाला था। एक समय भारतीय टीम 40 रन पर तीन विकेट गंवा चुकी थी। इसके बाद हरमनप्रीत की रिकॉर्ड शतकीय पारी के बूते भारतीय टीम ने 5 विकेट पर 194 रन बनाकर T-20 विश्‍व कप के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा स्‍कोर खड़ा कर दिया।

मजबूत शुरुआत की जिम्‍मेदारी मंधाना और तान्‍या के कंधों पर होगी

पाकिस्‍तान के खिलाफ ओपनर स्‍मृति मंधाना और तान्‍या भाटिया के उपर भारत को शानदार शुरुआत दिलाने की जिम्‍मेदारी होगी। भारतीय ओपनर न्‍यूजीलैंड के खिलाफ कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई थीं। तान्‍या 9 जबकि मंधाना 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गई थीं।

18 साल की जेमिमा भी हैं फॉर्म में

मुंबई की 18 साल की युवा बल्‍लेबाज जेमिमा रोड्रिग्‍स भी इस समय शानदार फॉर्म में हैं। जेमिमा ने न्‍यूजीलैंड के खिलाफ हरमनप्रीत कौर के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 134 रन की रिकॉर्ड साझेदारी की थी। उन्‍होंने 45 गेंदों पर 59 रन की पारी खेली थी जिसमें 7 चौके शामिल थे।

डेब्‍यूटेंट हेमलता ने गेंदबाजी में बरपाया कहर

24 साल की डी हेमलता ने न्‍यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्‍यू किया। उन्‍होंने इस मैच में 7 गेंदों पर 15 रन की पारी खेली। इसके बाद हेमलता ने गेंदबाजी में अपने चार ओवर के कोटे में 26 रन देकर कीवी टीम की तीन बल्‍लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई जिसमें कप्‍तान स्‍टैथरवेट का विकेट भी शामिल था।

वापसी की कोशिश में पाकिस्‍तान

पाकिस्‍तान की टीम इस टूर्नामेंट में अपना पहला मैच ऑस्‍ट्रेलिया के खिलाफ गंवा चुकी है। ऑस्‍ट्रेलिया ने पाकिस्‍तान को 52 रन से पराजित कर दिया। ऐसे में जावेरिया खान की अगुवाई में विश्‍व कप खेल रही पाकिस्‍तान की टीम भारत के खिलाफ जीत की कोशिश करेगी।

पाक टीम को भी ये बात अच्‍छी तरह पता है कि एक और हार उसे टूर्नामेंट से बाहर करने के लगभग नजदीक ले जा सकती है।

तब पाकिस्‍तान ने भारत को मात दी थी

भारत और पाकिस्‍तान की टीमें अंतिम बार आईसीसी की किसी टूर्नामेंट में भिड़ी थीं वो 2016 टी-20 विश्‍व कप था। उस टूर्नामेंट में पाकिस्‍तान ने भारत को दिल्‍ली में पराजित किया था। इसके बाद भारतीय टीम ने पाक को तीन बार पटखनी दी है।

संभावित टीमें इस प्रकार हैं :

भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्‍स, स्मृति मंधाना, तान्‍या भाटिया, एकता बिष्ट, डी हेमलता, मानसी जोशी, वेदा कृष्णमूर्ति, अनुजा पाटिल, पूनम यादव, मिताली राज, अरुंधति रेड्डी, दीप्ति शर्मा, पूजा वस्त्रकार और राधा यादव।

पाकिस्तान: जावेरिया खान (कप्तान), एमान अनवर, आलिया रियाज, अनम अमीन, आयेशा जफर, बिसमाह मारूफ, डायना बेग, मुनीबा अली, नाहिदा खान, नास्रा संधू, नतालिया परवेज, निदा दार, सना मीर, सिद्रा नवाज और उमेमा सोहेल।

Editor's Pick