वर्ल्ड टी20: पाकिस्तान के खिलाफ बिना गेंद खेले भारत ने बनाए 10 रन

भारत ने रविवार को महिला वर्ल्ड टी20 के मुकाबले में पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया।

Edited By : Cricket Country Staff |Nov 12, 2018, 10:00 AM IST

Published On Nov 12, 2018, 10:00 AM IST

Last UpdatedNov 12, 2018, 10:00 AM IST

Mithali Raj @Ians

वेस्टइंडीज में खेली जा रही आईसीसी महिला वर्ल्ड टी20 में भारतीय टीम ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की है। भारत ने रविवार को खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया। इस मुकाबले में पाकिस्तानी खिलाड़ियों की गलती की वजह से टीम इंडिया को 10 रन फ्री में मिला।

भारत ने अपने विजय रथ को आगे बढ़ाते हुए अनुभवी मिताली राज की बेहतरीन अर्धशतकीय पारी की बदौलत चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को सात विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 133 रन बनाए थे। जवाब में भारत ने मिताली राज के 56 रन की पारी के दम पर जीत का लक्ष्य 19 वें ओवर में ही हासिल कर लिया।

पाकिस्तान की गलती से भारत को मिले 10 रन

बल्लेबाजी के दौरान पाकिस्तान खिलाड़ियों की गलती की वजह से अंपायर ने भारत को 10 रन दिए। ‘विकेट को नुकसान पहुंचाने’ के कारण दो बार पाकिस्तान पर पांच रन की पेनल्टी लगाई गई और इस तरह से भारतीय पारी की शुरुआत 10 रन से हुई।

शानदार लय में भारतीय टीम

न्यूजीलैंड की टीम को पहले मैच में 34 रन से हराने वाली भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ भी शानदार खेल दिखाया। पहले मैच में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने शतक जमाया था जबकि दूसरे मुकाबले में मिताली राज ने हाफसेंचुरी लगाई।

भारत अब ग्रुप बी में चार अंक के साथ टॉप पर पहुंच गया है। पाकिस्तान की यह लगातार दूसरी हार है और उसके आगे बढ़ने की राह मुश्किल हो गई है। भारत अपना अगला मैच 15 नवंबर को आयरलैंड से खेलेगा।

Editor's Pick