WTC Final: अभी BCCI को भी नहीं मालूम मैच ड्रॉ या टाई होने पर कौन बनेगा चैंपियन

BCCI ने ICC से मांग की है कि वह टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले के लिए खेल से जुड़े अपने सभी नियम व शर्तें उसे बता दे.

Edited By : India.com Staff |May 20, 2021, 09:22 AM IST

Published On May 20, 2021, 09:22 AM IST

Last UpdatedMay 20, 2021, 09:22 AM IST

पहली बार आयोजित हो रहे वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (ICC World Test Championship) के फाइनल मैच में भारत और न्यूजीलैंड (IND vs NZ WTC Final) की टीमें भले क्वॉलीफाई कर चुकी हैं. लेकिन दोनों ही टीमों को इस मैच के सभी नियमों की जानकारी अभी मालूम नहीं है. 18 से 22 जून को होने वाला यह खिताबी मुकाबला इंग्लैंड के साउथम्पटन में खेला जाएगा. इस मैच से पहले दोनों टीमों को आईसीसी द्वारा जारी होने वाली ‘प्लेइंग कंडिशंस (मैच से जुड़ी परिस्थिति संबंधी नियम व शर्तों)’ का इंतजार है.

आईसीसी जब इन प्लेइंग कंडिशंस की घोषणा करेगी, तो इस मैच में किस परिस्थिति में क्या नियम लागू होगा ऐसे गंभीर सवालों का जवाब मिलेगा. उदाहरण के लिए- अगर यह मैच ड्रॉ या टाई हो जाता है, तो उस स्थिति में क्या होगा?

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

उम्मीद है कि आईसीसी आने वाले कुछ दिनों में ‘प्लेइंग कंडिशंस’ को जारी करेगा. भारतीय टीम के संपर्क में रहने वाले एक अधिकारी ने गोपनीयता की शर्त पर पीटीआई-भाषा से कहा, ‘यह एक और द्विपक्षीय सीरीज या टेस्ट मैच नहीं है. इसलिए हमें खेलने की विभिन्न स्थिति और उसके समाधान के बारे में जानने की जरूरत है. हम तीन बुनियादी चीजों के बारे में जानना चाहते हैं.’

उन्होंने कहा, ‘मैच ड्रॉ, टाई या दोनों टीमों के एक भी पारी के पूरा हुए बिना बारिश के कारण प्रभावित हुआ तो क्या होगा.’ उन्होंने कहा, ‘आईसीसी आने वाले दिनों में प्लेइंग कंडिशंस को प्रकाशित करेगा. हम तारीख नहीं दे सकते लेकिन मुझे विश्वास है कि वे इसे जल्द ही भेज देंगे.’

भारतीय टीम इंग्लैंड न्यूजीलैंड के बीच खेले जाने वाले टेस्ट के दौरान साउथम्पटन में क्वॉरंटीन में रहेगी. भारतीय टीम अगले महीने की शुरुआत में लंदन पहुंचने के बाद, तुरंत साउथम्पटन के लिए रवाना होने की उम्मीद है.

इस सूत्र ने जानकारी देते हुए कहा, ‘हां, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के बीच पहले टेस्ट मैच के दौरान भारतीय टीम साउथम्पटन में होगी. हम उम्मीद करते हैं कि आईसीसी अगले कुछ दिनों में कड़े या हल्के पृथकवास को लेकर स्थिति साफ करेगा.’ सूत्र ने कहा, ‘चूंकि यह आईसीसी का कार्यक्रम है. इसलिए अंतिम अधिसूचना उन्हीं की ओर से आने की जरूरत है.’

Editor's Pick