- Home
- News
- Ice broken with PCB options being worked out to bring back Asia Cup trophy Says BCCI secretary Devajit Saikia
एशिया कप ट्रॉफी विवाद: मोहसिन नकवी से मिले बीसीसीआई सचिव, मुलाकात के बाद क्या कहा ?
एशिया कप ट्रॉफी दुबई स्थित एसीसी मुख्यालय में रखी हुई है और वहां के कर्मचारियों को नक़वी ने निर्देश दिया है कि उनकी अनुमति के बिना इसे कहीं और नहीं ले जाया जाए.
Published On Nov 08, 2025, 05:22 PM IST
Last UpdatedNov 08, 2025, 05:22 PM IST
Asia Cup Trophy dispute
Bcci on Asia Cup Trophy controversy: एशिया कप ट्रॉफी विवाद पर आईसीसी की मीटिंग के बाद गतिरोध खत्म होता दिख रहा है. जल्द ही इस पूरे विवाद पर विराम लग सकता है और टीम इंडिया को एशिया कप ट्रॉफी मिल सकती है. भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने दुबई में आईसीसी की बैठक के इतर पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी से मुलाकात के बाद पीटीआई को बताया कि भारत और पाकिस्तान के क्रिकेट बोर्ड एशिया कप ट्रॉफी विवाद पर गतिरोध दूर करने में कामयाब रहे हैं और आने वाले दिनों में इसका कोई उचित समाधान निकालने की दिशा में काम किया जाएगा.
नकवी एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के अध्यक्ष भी हैं, उन्होंने भारत को एशिया कप ट्रॉफी नहीं सौंपी क्योंकि विजेता भारतीय टीम ने उनके भारत विरोधी रवैए के कारण उनसे ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था. सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने 28 सितंबर को दुबई में हुए टी20 टूर्नामेंट के फाइनल में पाकिस्तान को हराया था.
बीसीसीआई सचिव की पीसीबी अध्यक्ष के साथ हुई बैठक
सैकिया ने शनिवार को पीटीआई से कहा, मैं आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) की अनौपचारिक और औपचारिक दोनों बैठकों का हिस्सा था, पीसीबी (पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड) अध्यक्ष मोहसिन नकवी भी मौजूद थे, औपचारिक बैठक के दौरान यह एजेंडा में नहीं था, लेकिन आईसीसी ने अपने एक सीनियर पदाधिकारी और एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी की मौजूदगी में मेरी और पीसीबी प्रमुख के बीच अलग से बैठक कराई.
उन्होंने कहा, बातचीत की प्रक्रिया शुरू करना वाकई अच्छा रहा, दोनों पक्षों ने आईसीसी बोर्ड बैठक के दौरान हुई बैठक में सौहार्दपूर्ण ढंग से भाग लिया. सैकिया ने आश्वासन दिया कि जल्द ही समाधान निकाल लिया जाएगा.
इस मुद्दे को जल्द से जल्द सुलझा लिया जाएगा: सैकिया
बीसीसीआई सचिव ने हालांकि आईसीसी के किसी अधिकारी का नाम नहीं लिया, लेकिन विश्वसनीय सूत्रों से पता चला है कि आईसीसी के उपाध्यक्ष इमरान ख्वाजा और सीईओ संजोग गुप्ता ने दोनों क्रिकेट बोर्डों के बीच चर्चा शुरू करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. सैकिया ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा, निश्चित रूप से आने वाले समय में यदि चीजें सकारात्मक तरीके से आगे बढ़ती हैं तो इस मुद्दे को जल्द से जल्द सुलझा लिया जाएगा.
एसीसी मुख्यालय में रखी हुई है एशिया कप ट्रॉफी
ट्रॉफी दुबई स्थित एसीसी मुख्यालय में रखी हुई है और वहां के कर्मचारियों को नक़वी ने निर्देश दिया है कि उनकी अनुमति के बिना इसे कहीं और नहीं ले जाया जाए. उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि भारतीयों को यह सर्वोच्च पुरस्कार उनसे ही स्वीकार करना होगा. बीसीसीआई के सचिव ने कहा, दोनों पक्ष जल्द से जल्द इस मुद्दे को सुलझाने के लिए कुछ न कुछ करेंगे, अब गतिरोध दूर हो चुका है इसलिए विभिन्न विकल्पों पर काम किया जाएगा. सैकिया ने कहा, दूसरे पक्ष के पास भी विकल्प होंगे और हम इस मुद्दे को सुलझाने और सौहार्दपूर्ण समाधान निकालने के विकल्प भी देंगे.
ऐसी अटकलें लगाई जा रही थी कि इस विवाद को सुलझाने के लिए आईसीसी एक विवाद समाधान समिति गठित करेगी लेकिन बीसीसीआई सचिव ने ऐसे किसी फैसले से इनकार किया. उन्होंने कहा, आईसीसी का एक सीनियर अधिकारी भले ही बातचीत की प्रक्रिया में शामिल है लेकिन अभी समिति गठित करने की कोई जरूरत नहीं है, आईसीसी के ऐसे किसी कदम को उठाने से पहले ही मामला सुलझा दिया जाएगा.
एशिया कप के दौरान भारत- पाकिस्तान के बीच दिखा था तनाव
एशिया कप के दौरान दोनों टीमें तीन बार भिड़ीं और सभी मैचों में तनाव चरम पर रहा. पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए भारत ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान पाकिस्तानी टीम से हाथ न मिलाने की नीति अपनाई. तनाव बढ़ने के साथ दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने खुलेआम आपत्तिजनक हाव-भाव के माध्यम से एक-दूसरे का मजाक उड़ाया जिसके लिए उन पर जुर्माना भी लगाया गया. सैकिया ने यह भी बताया कि आईसीसी निदेशक मंडल ने भारत और श्रीलंका में महिला विश्व कप की सफलतापूर्वक मेजबानी के लिए बीसीसीआई को बधाई दी, हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व वाली भारतीय महिला टीम ने नवी मुंबई में फाइनल में साउथ अफ्रीका को हराकर अपना पहला आईसीसी खिताब जीता.
उन्होंने कहा, आईसीसी ने भारत के प्रयासों की सराहना की तथा फाइनल में पहुंचने वाली दोनों टीमों भारत और साउथ अफ्रीका को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी