महेंद्र सिंह धोनी (IANS)कोरोना वायरस के बढ़ते प्रभाव की वजह से भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें सीजन को 15 अप्रैल तक के लिए स्थगित कर दिया। वहीं खबर ये भी है कि अगर हालात जल्द सामान्य नहीं होते हैं तो टूर्नामेंट को रद्द भी किया जा सकता है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल उठता है कि- अब महेंद्र सिंह धोनी का क्या होगा।
जैसा कि टीम इंडिया के प्रमुख कोच रवि शास्त्री भी कह चुके हैं, आगामी टी20 विश्व कप से पहले धोनी की टीम इंडिया में वापसी उनके आईपीएल प्रदर्शन पर निर्भर करती है। लेकिन टूर्नामेंट रद्द होने की स्थिति में धोनी क्या करेंगे? हालांकि पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा का मानना है कि धोनी बिना आईपीएल खेले भी राष्ट्रीय टीम में लौट सकते हैं।
यू-ट्यूब पर पोस्ट किए एक वीडियो में चोपड़ा ने कहा, “धोनी जैसे खिलाड़ी के लिए आईपीएल कभी पैमाना नहीं था। अगर उसने आईपीएल में रन बनाए होते तो समीक्षक कहते कि ‘धोनी को चुनें’, ‘ऐसा करें और वैसा करें’। धोनी को पता है कि वो क्या कर रहे हैं, कि वो वापस आना चाहते हैं या नहीं।”
क्विंटन डी कॉक के साथ क्वारंटाइन में रहना चाहेंगे डेल स्टेन
पूर्व बल्लेबाज ने आगे कहा, “आईपीएल, कोई अहम फैक्टर नहीं है। अगर उसे वापस आना है तो वो खुद को (चयन के लिए) उपलब्ध कराएगा, अगर चयनकर्ता उसे चुनते हैं तो वो वो अपने आप ही (प्लेइंग इलेवन) में चुन लिया जाएगा क्योंकि अनुभव सब्जी बाजार में नहीं मिलता।”
उन्होंने आगे कहा, “धोनी अनुभवी खिलाड़ी है। अगर भारत को महेंद्र सिंह धोनी की जरूरत पड़ी तो वो आईपीएल या बिना आईपीएल खेले भी वापस आएंगें।”