IPL 2021: महाराष्ट्र में तेजी से फैल रहा कोरोना- BCCI चिंतित, बोला- हमारा प्लान B भी तैयार
महाराष्ट्र में तेजी से फैल रहे कोरोना वायरस के चलते अगर IPL मैचों पर इसका प्रभाव पड़ा तो BCCI का प्लान B भी तैयार है.
Published On Apr 03, 2021, 03:10 PM IST
Last UpdatedApr 03, 2021, 03:10 PM IST
आईपीएल के 14वें (IPL 14) सीजन की तारीख अब नजदीक आ गई है. इस बीच देश में तेजी से बढ़ रहे कोविड- 19 (Covid- 19) के मामलों से बीसीसीआई और आईपीएल संचालन समिति चिंतित है. देश में इस घातक वायरस के सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र से ही सामने आ रहे हैं. यहां का मुंबई शहर इस वायरस का हॉटस्पॉट बना हुआ है.
ऐसे में मुंबई में आयोजित होने वाले मैचों को लेकर लीग से जुड़े सभी अधिकारी अलर्ट हैं. शनिवार को जब यह खबर सामने आई कि वानखेड़े स्टेडियम के 8 मैदानकर्मी और दिल्ली कैपिटल्स का एक खिलाड़ी (अक्षर पटेल) भी कोविड- 19 की जांच में पॉजिटिव पाए गए हैं, तो सभी की चिंताएं और बढ़ गई हैं. इस बीच बीसीसीआई ने बताया कि वह इन मामलों पर अपनी नजर बनाए हुए है और अगर जरूरत पड़ी तो वह मुंबई के मैच हैदराबाद शिफ्ट करने को भी तैयार है.
इस सीजन बीसीसीआई ने आईपीएल (IPL 2021) को देश के 6 ही शहरों में आयोजित कराने का फैसला किया है. इन 6 शहरों में मुंबई भी एक है. मुंबई के अलावा ये मैच चेन्नई, अहमदाबाद, दिल्ली, बेंगलुरु और कोलकाता में होने हैं. लेकिन महाराष्ट्र में तेजी से फैल रहा कोरोना आईपीएल के आयोजन पर मुश्किलें बढ़ाता दिख रहा है.
यहां औसतन रोजाना 40,000 से ज्यादा केस सामने आ रहे हैं. इस बीच बीसीसीआई ने साफ कर दिया है कि उसन पहले ही अपना बैकअप प्लान तैयार रखा हुआ है अगर जरूरत पड़ी तो वह मुंबई के सभी मैच हैदराबाद शिफ्ट कर देगा. इससे पहले शुक्रवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने शुक्रवार को ऐसे संकेत दिए थे कि अगर राज्य में हालात नहीं सुधरे तो वह समूचे राज्य में लॉकडाउन लगा सकते हैं.
उन्होंने कहा था. ‘मैं राज्य में पूर्ण लॉकडाउन के संकेत दे रहा हूं. लेकिन अभी ऐलान नहीं कर रहा हूं. अगर अगले एक-दो दिन में हालात नहीं सुधरे या कोई हल नहीं मिल तो हमें एक और लॉकडाउन का ऐलान करना होगा जैसा कि दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में हो रहा है.’
हालांकि मीडिया में चल रही खबरों के मुताबिक बीसीसीआई को सरकार से यह आश्वासन मिला हुआ है कि अगर राज्य में लॉकडाउन लागू भी होता है तो भी इसका आईपीएल मैचों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा क्योंकि यहां टीमें पहुंच चुकी हैं और उसके सभी खिलाड़ी पहले ही से ही बायो बबल में हैं या फिर जरूरी आइसोलेशन में हैं. तो आईपीएल के मैचों पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा. इसके बावजूद भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने बैकअप के तौर पर हैदराबाद को तैयार रखा हुआ है.