टी20 विश्व कप में बेहतर प्रदर्शन करेगा भारत अगर... डेविड मलान का आया बड़ा बयान
इंग्लैंड के बल्लेबाज ने कहा, कई नए भारतीय खिलाड़ी अपनी पहचान बना रहे हैं और अगर बोर्ड सही विकल्प चुनता है तो भारत को आगामी टी20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करवाने के लिए उनके पास काफी प्रतिभाायें मौजूद हैं.
Published On Apr 11, 2024, 05:01 PM IST
Last UpdatedApr 11, 2024, 05:01 PM IST
Image credit- @surya_14kumar Twitter
नई दिल्ली. जून में वेस्टइंडीज और अमेरिका में टी-20 विश्व कप का आयोजन होना है. टी-20 विश्व कप में टीम इंडिया खिताब की दावेदार मानी जा रही है. इस बीच इंग्लैंड के बल्लेबाज डेविड मलान का बड़ा बयान सामने आया है. इंग्लैंड के बल्लेबाज डेविड मलान का मानना है कि भारतीय क्रिकेट में युवा प्रतिभाओं की भरमार देखते हुए अगर देश के चयनकर्ता सही विकल्प चुनें तो रोहित शर्मा की अगुआई वाली टीम आगामी टी20 विश्व कप में धमाकेदार प्रदर्शन कर सकती है.
टी20 विश्व कप वेस्टइंडीज और अमेरिका में खेला जायेगा और शुरूआती चरण की विजेता भारतीय टीम टूर्नामेंट में प्रबल दावेदार के तौर पर प्रवेश करेगी. मलान ने गुरुवार को कहा, इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) चल रही है, हम देख रहे हैं कि कई नए भारतीय खिलाड़ी अपनी पहचान बना रहे हैं और अगर बोर्ड सही विकल्प चुनता है तो भारत को आगामी टी20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करवाने के लिए उनके पास काफी प्रतिभाायें मौजूद हैं.
उन्होंने यहां एक कार्यक्रम के दौरान कहा, विराट कोहली टी20 क्रिकेट से दूर रहे हैं लेकिन उनका प्रदर्शन निश्चित रूप से उन्हें अंतिम टीम में जगह बनाने के लिए मजबूत दावेदार बनाता है, युवा खिलाड़ी जैसे मयंक यादव और रियान पराग ने क्रमश: अपनी रफ्तार और निरंतरता से प्रभावित किया है.
मई के पहले हफ्ते में हो सकता है टीम इंडिया का ऐलान
टी-20 विश्व कप 2024 के लिए मई के पहले हफ्ते में टीम इंडिया का ऐलान किया जा सकता है. रिंकू सिंह, रियान पराग, तिलक वर्मा, संजू सैमसन जैसे प्लेयर्स टी-20 विश्व कप टीम में अपनी दावेदारी करते नजर आ रहे हैं. इसके अलावा शिवम दुबे ने भी बल्लेबाजी में विस्फोटक प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं को सोचने पर मजबूर किया है. टी-20 विश्व कप में भारत का पहला मुकाबला पांच जून को खेला जाएगा. नौ जून को भारत और पाकिस्तान की टक्कर होगी.