This website uses cookies so that we can provide you with the best user experience possible. Cookie information is stored in your browser and performs functions such as recognising you when you return to our website and helping our team to understand which sections of the website you find most interesting and useful.
27 गेंदों में 62 रन बनाने के बाद युवराज सिंह ने बताया अपनी बेहतरीन बल्लेबाजी का राज
युवराज सिंह ने बेहतरीन बल्लेबाजी की और पहले ही मैच में मैन ऑफ द मैच रहे।
Written by Press Trust of India
Last Updated on - April 6, 2017 12:36 PM IST


हैदराबाद। स्टार ऑलराउंडर युवराज सिंह ने कहा कि इस साल के शुरू में भारतीय एकदिवसीय टीम में सफल वापसी के बाद वह अधिक स्वच्छंद होकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। युवराज ने इस साल के शुरू में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे टीम में वापसी की और कटक में खेले गए दूसरे मैच में उन्होंने 150 रन की जबर्दस्त पारी खेली थी। इसके बाद उन्होंने कोलकाता में तीसरे और अंतिम वनडे में 45 रन बनाए थे। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने बुधवार को सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ आईपीएल 10 के उद्घाटन मैच में 27 गेंदों पर 62 रन की तूफानी पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलायी।
युवराज ने बाद में कहा, “मैं अभी अपनी बल्लेबाजी का पूरा लुत्फ उठा रहा हूं। पिछले दो साल में मेरी बल्लेबाजी में उतार चढ़ाव रहा लेकिन अभी मैं वास्तव में अच्छा महसूस कर रहा हूं। मैं अपनी इस फॉर्म को आगे बरकरार रखना चाहता हूं।” उन्होंने कहा, “भारतीय टीम में वापसी से वास्तव में मुझे मदद मिली है। अब मैं अधिक स्वच्छंद हो गया हूं और वापसी को लेकर चिंता नहीं कर रहा हूं। मैं केवल परिस्थितियों के अनुसार खेल रहा हूं।” [आईपीएल 10: रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर बनाम सनराइजर्स हैदराबाद मैच का फुल स्कोरकार्ड]
युवराज ने कहा कि कड़ी मेहनत और समर्पण से ही वह अच्छी फॉर्म में वापसी कर पाए। उन्होंने कहा, “मैंने काफी गेंदे हिट की और बहुत अधिक अभ्यास किया। मैंने नेट्स पर बल्लेबाजी करते हुए काफी घंटे बिताए। इसके अलावा हैदराबाद हमेशा मेरे लिए भाग्यशाली मैदान रहा है। जब भी मैंने हैदराबाद में रन बनाए तब मैंने वापसी की।” युवराज ने कहा, “अभी मैं अपनी बल्लेबाजी को लेकर अच्छा महसूस कर रहा हूं और उम्मीद है कि मैं अभी जो कुछ कर रहा हूं उसे आगे भी जारी रखूंगा।”
