- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Imran Tahir becomes second specialist spinner after Nicky Boje to play 100 odi for south africa
100 वनडे खेलने वाले दक्षिण अफ्रीका के दूसरे स्पिनर बने इमरान ताहिर
इमरान ताहिर से पहले सिर्फ निकी बोए ही ऐसे स्पिनर रहे हैं जिन्होंने दक्षिण अफ्रीका के लिए 100 से अधिक वनडे मैच खेले हैं।
Published On Jun 02, 2019, 05:16 PM IST
Last UpdatedJun 02, 2019, 05:16 PM IST
Imran Tahir @Facebook page ICC World Cup
शानदार फॉर्म में चल रहे दक्षिण अफ्रीका के स्पिनर इमरान ताहिर ने आईसीसी विश्व कप में रविवार को बांग्लादेश के खिलाफ मैदान पर उतरते ही खास उपलब्धि हासिल कर ली। आईसीसी क्रिकेट विश्व कप के 5वें मुकाबले में मैदान में उतरते ही ताहिर 100 वनडे खेलने वाले अपने देश के दूसरे स्पिनर बन गए।
ताहिर से पहले सिर्फ निकी बोए ही ऐसे स्पिनर रहे हैं जिन्होंने दक्षिण अफ्रीका के लिए 100 से अधिक वनडे मैच खेले हैं।
चालीस साल के ताहिर मौजूदा विश्व कप में खेलने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं। पाकिस्तान के लाहौर में जन्में ताहिर ने 1998 में अंडर-19 विश्व कप में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व किया था लेकिन इसके बाद वह दक्षिण अफ्रीका में जा बसे।
पढ़ें:- ‘भारत के खिलाफ मैच से पहले पूरी तरह फिट हो जाएंगे हाशिम अमला’
ताहिर ने मैच से पहले कहा, ‘‘यह शानदार अनुभूति है। मैंने अपना पहला वनडे 2011 विश्व कप में खेला था और जब पीछे मुड़ कर देखता हूं तो मेरी यात्रा शानदार रही है।’’
वनडे में 31 के स्ट्राइक रेट से 164 विकेट चटकाने वाले ताहिर ने कहा, ‘‘हमेशा से यह मेरा सपना था लेकिन मैंने कभी यह नहीं सोचा था कि दक्षिण अफ्रीका के लिए 100वां मैच खेलूंगा।
ताहिर सबसे कम मैचों में 100 विकेट लेने वाले दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाज हैं। उनके नाम वनडे मैच में दक्षिण अफ्रीका की ओर से सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी का रिकॉर्ड है। उन्होंने 15 जून 2016 को वेस्टइंडीज के खिलाफ 45 रन देकर सात विकेट लिए थे।
ताहिर इसे साथ ही गुरुवार को इंग्लैंड के खिलाफ टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच के दौरान किसी विश्व कप में पहला ओवर फेंकने वाले पहले स्पिनर बने।
भारत में खेले गए इस साल के इंडियन प्रीमियर लीग में ताहिर सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे। चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से खेलते हुए उन्होंने 17 मैच खेलकर कुल 26 विकेट हासिल किए थे।