IND vs ENG: पहले ही मैच में लड़खड़ाई टीम इंडिया, अकेले Shyreyas Iyer ने दिखाया दम

5 मैचों की टी20i सीरीज के पहले ही मैच में भारतीय पारी पूरी तरह लड़खड़ा गई. भारतीय टीम सिर्फ 124 रन ही बना पाई.

Edited By : India.com Staff |Mar 12, 2021, 09:01 PM IST

Published On Mar 12, 2021, 09:01 PM IST

Last UpdatedMar 12, 2021, 09:01 PM IST

5 टी20i मैचों की सीरीज के पहले मैच में ही टीम इंडिया (India vs England T20i Series) अपनी लय से भटकी दिखाई दी है. पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया यहां 20 ओवरों में सिर्फ 124 रन ही बना पाई. भारत के लिए (Shyreyas Iyer) श्रेयस अय्यर एकमात्र स्टार बल्लेबाज रहे, जिन्होंने शानदार 67 रन की पारी खेलकर भारत का स्कोर 124 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. इंग्लैंड की ओर से तेज गेंदबाज (Jofra Archer) जोफ्रा आर्चर (3/23) ने भारतीय टीम की कमर तोड़ी. उन्होंने 4 ओवर में 23 रन देकर 1 मेडन समेत कुल 3 विकेट अपने नाम किए. 125 रन के आसान से लक्ष्य को बचाने के लिए अब भारत को अपने बॉलरों से किसी करिश्मे की आस है.

इसके अलावा रशीद (1/14), वुड (1/20), जॉर्डन (1/27) और स्टोक्स (1/25) ने भी एक-एक विकेट अपने नाम किया. भारत 124 के सम्मानजनक स्कोर तक अगर पहुंच पाया तो इसमें इकलौते अय्यर की ही भूमिका अहम रही, जिन्होंने भारतीय पारी के आधे से ज्यादा रन बनाए. इससे पहले भारत की शुरुआत आज बेहद खराब रही.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी पर उतरी टी इंडिया ने मैच की पहली 15 गेंदों पर सिर्फ 3 रन ही जोड़े थे, जबकि इस दौरान (KL Rhul) केएल राहुल (1) और कप्तान (Virat Kohli) विराट कोहली (0) आउट हो चुके थे. राहुल को जोफ्रा आर्चर ने बोल्ड कर इंग्लिश टीम को पहली सफलता दिलाई, तो अगले ही ओवर में आदिल रशीद ने विराट को क्रिस जॉर्डन के हाथों कैच करा दिया.

शिखर धवन को इस मैच में रन करने की काफी जरूरत थी लेकिन वह भी मार्क वुड की गेंद पर खराब शॉट खेलकर 4 रन की निजी स्कोर पर बोल्ड हो गए. इस तरह पावरप्ले के 5वें ओवर में ही भारत 20 रन के स्कोर पर अपने टॉप 3 विकेट गंवा चुके थे.

इसके बाद बेहतरीन फॉर्म में चल रहे रिषभ पंत (21) ने श्रेयस के साथ मिलकर कुछ देर स्कोरबोर्ड को चलाया जरूर लेकिन वह अपने अच्छे स्टार्ट को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर पाए. पंत स्टोक्स की गेंद पर बेयरस्टो को अपना कैच देकर पवेलियन लौटे. इस बीच आर्चर की एक गेंद पर उनका रिवर्स छक्का दर्शनीय रहा.

एक-एक करके भारतीय टीम अपने विकेट गंवाती जा रही थी. लेकिन एक छोर पर श्रेयस अय्यर ने अपने पांव जमा लिए और वह भारतीय पारी को सम्मानजनक स्कोर पर पहुंचाने में कामयाब रहे. अय्यर ने 48 गेंदों की अपनी पारी में 8 चौके और एक छक्के की मदद से बेहतरीन 67 रन की पारी खेली.

इस बीच हार्दिक के साथ मिलकर उन्होंने 5वें विकेट के लिए 54 रनों की अहम साझेदारी भी निभाई. हालांकि हार्दिक 23 गेंदों में सिर्फ 21 रन ही बना सके. अय्यर पारी के अंतिम ओवर में जॉर्डन को छक्का जड़ने के प्रयास में सीमा रेखा के पास आउट हुए.

Editor's Pick