- क्रिकेट न्यूज़
- News
- ind vs eng 1st test at nottingham match report and highlight of day 3 team india look solid against england
IND vs ENG: तीसरे दिन बारिश के चलते खेल जल्द खत्म, भारत का पलड़ा भारी
दूसरे दिन दबाव में घिरी भारतीय टीम ने तीसरे दिन अपना पलड़ा मैच पर भारी कर लिया है.
Published On Aug 07, 2021, 12:31 AM IST
Last UpdatedAug 07, 2021, 12:31 AM IST
भारत vs इंग्लैंड @BCCITwitter
भारत और इंग्लैंड (IND vs ENG) के बीच ट्रेंट ब्रिज में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन का खेल भी बारिश के कारण जल्दी खत्म करना पड़ा है. हालांकि मैच के दूसरे दिन दबाव में घिरी भारतीय टीम ने तीसरे दिन अपना पलड़ा मैच पर भारी कर लिया है. भारत ने अपनी पहली पारी में 278 रन बनाए, जिसके बूते उसने 95 रनों की मजबूत बढ़त हासिल की. तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक मेजबान टीम ने बिना कोई विकेट गंवाए 25 रन जोड़ लिए हैं. रोरी बर्न्स 38 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 11 रन और डॉमिनिक सिब्ले 33 गेंदों पर दो चौकों के सहारे 9 रन बनाकर क्रीज पर हैं.
इंग्लैंड के गेंदबाजों, जेम्स एंडरसन और ऑली रॉबिंसन ने बेहतरीन गेंदबाजी कर तीसरे दिन शुक्रवार को दूसरे सत्र में भारत की पहली पारी 278 रनों पर ढेर कर दी. इससे पहले, भारत ने आज 4 विकेट पर 125 रन से आगे खेलना शुरू किया और राहुल ने 57 और विकेटकीपर बल्लेबाज रिषभ पंत ने सात रन से अपनी पारी आगे बढ़ाई. हालांकि, पंत ज्यादा देर नहीं टिक सके और पांचवें बल्लेबाज के रूप में आउट हुए. उन्होंने 20 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 25 रन बनाए.
इसके बाद राहुल ने रवींद्र जडेजा के साथ पारी आगे बढ़ाई और दोनों ने भारत की स्थिति संभालते हुए छठे विकेट के लिए 60 रनों की साझेदारी की. हालांकि, राहुल शतक बनाने से चूक गए और छठे बल्लेबाज के रूप में आउट हुए. राहुल ने 214 गेंदों पर 12 चौकों की मदद से सर्वाधिक 84 रन बनाए.
राहुल का विकेट लेने के साथ ही एंडरसन भारत के पूर्व स्पिनर अनिल कुंबले को पछाड़कर टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले तीसरे गेंदबाज बन गए. कुंबले ने अपने करियर में 619 विकेट लिए हैं, जबकि एंडरसन के अबतक 621 विकेट हो गए हैं.
एंडरसन ने राहुल को आउट करने के बाद नए बल्लेबाज के तौर पर उतरे शार्दुल ठाकुर (0) को पवेलियन भेजा. जडेजा ने फिर अपना अर्धशतक पूरा किया लेकिन इसके बाद वह भी ज्यादा देर नहीं टिक सके और आठवें बल्लेबाज के रूप में 86 गेंदों पर आठ चौकों और एक छक्के की मदद से 56 रन बनाकर आउट हुए.
इसके बाद मोहम्मद शमी (13) को रॉबिंसन ने बोल्ड कर आउट किया. अंत में जसप्रीत बुमराह ने कुछ अच्छे शॉट्स खेल टीम की बढ़त बढ़ाने की कोशिश की लेकिन वह 34 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 28 रन बनाकर आखिरी बल्लेबाज के रूप में आउट हुए जबकि मोहम्मद सिराज आठ गेंदों पर एक चौके की मदद से सात रन बनाकर नाबाद रहे. इंग्लैंड की ओर से रॉबिंसन ने पांच विकेट और एंडरसन ने चार विकेट लिए.
(इनपुट: आईएएनएस)