Advertisement
IND vs ENG: पहले सेशन में भारत ने गंवाए विराट, पुजारा, रहाणे के विकेट, इंग्लैंड ने की वापसी
लंच की घोषणा होने तक भारत ने चार विकेट के नुकसान पर 80 रन बना लिए हैं.
अहमदाबाद के मोटेरा स्टेडियम में खेले जा रहे टेस्ट सीरीज के चौथे मुकाबले में दूसरे दिन लंच तक भारत ने चार विकेट के नुकसान पर 80 रन बना लिए हैं। भारत ने इस सेशन के दौरान कुल तीन विकेट गंवाए और 56 रन जोड़े। टीम इंडिया अभी भी इंग्लैंड के स्कोर से 125 रन पीछे है।
दूसरे दिन भारत ने 24/1 से आगे खेलना शुरू किया। रोहित शर्मा और चेतेश्वर पुजारा गुरुवार की तरह ही शुक्रवार सुबह भी बेहद धीमी गति से रन बनाते हुए नजर आए। भारत का स्कोर जब 40 रन था तभी पुजारा जैक लीच का शिकार बने। लीच की गेंद पुजारा समझ नहीं पाए और विकेट के सामने एलबीडब्यू आउट हुए। पुजारा ने डीआरएस की मदद ली। तीसरे अंपायर ने भी उन्हें आउट करार दिया।
नए बल्लेबाज के रूप में कप्तान विराट कोहली बल्लेबाजी के लिए आए। वो ज्यादा वक्त तक नहीं खेल पाए। बिना खाता खोले ही विराट को बेन स्टोक्स ने चलता किया। वो विकेट के पीछे बेन फोक्स के हाथों लपके गए।
इसके बाद उपकप्तान अजिंक्य रहाणे ने रोहित शर्मा के साथ मिलकर मोर्चा संभाला। रहाणे ने तेजी से रन बनाए। उन्होंने 45 गेंदों पर 27 रन की पारी खेली। लंच से पहले आखिरी ओवर के दौरान वो शॉट लगाने के प्रयास में जेम्स एंडरसन की गेंद पर बेन स्टोक्स के हाथों लपके गए। इसके बाद लंच की घोषणा कर दी गई।
COMMENTS