- क्रिकेट न्यूज़
- News
- ind vs eng kl rahul should play all 3 odis to get his form says gautam gambhir
IND vs ENG: KL Rahul की फॉर्म में वापसी चाहते हैं उन्हें तीनों वनडे में मौका दे टीम इंडिया: Gautam Gambhir
पूर्व ओपनिंग बल्लेबाज गौतम गंभीर ने विराट कोहली को सलाह दी है कि इन दिनों आउट ऑफ फॉर्म चल रहे केएल राहुल को तीनों वनडे मुकाबलों में मौका मिलना चाहिए.
Published On Mar 23, 2021, 10:58 AM IST
Last UpdatedMar 23, 2021, 10:58 AM IST
केएल राहुल @Twitter
भारतीय टीम के युवा बल्लेबाज केएल राहुल (KL Rahul) इन दिनों अपनी खराब फॉर्म को लेकर आलोचकों के निशाने पर हैं. राहुल इंग्लैंड के खिलाफ हाल ही में संपन्न हुई टी20 सीरीज के 4 मैचों में सिर्फ 15 रन ही बना पाए. इसके चलते उन्हें 5वें और अंतिम मैच से बाहर भी रखा गया. लेकिन भारत के पूर्व ओपनिंग बल्लेबाज गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) मानते हैं कि इस स्टार खिलाड़ी को एक और मौका मिलना चाहिए और इसके लिए उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ तीनों वनडे मैचों में खिलाना चाहिए.
राहुल बीते साल हुए आईपीएल 2020 में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज (670 रन, 55.83 की औसत, जिसमें 1 शतक और 5 अर्धशतक शामिल) थे. इससे पहले फरवरी 2020 में भी वह न्यूजीलैंड में खेली गई सीरीज में प्लेयर ऑफ द सीरीज बने थे.
लेकिन ऑस्ट्रेलिया दौरे पर चोटिल होने के बाद उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी की तो इसके बाद से वह अपनी फॉर्म तलाशने में जुटे हैं. यहां उन्होंने 4 पारियों में 1,0,0 और 14 कुल 15 रन ही बनाए.
इस पर गंभीर ने कहा कि वह एक बेहतरीन बल्लेबाज हैं और उनका कॉन्फिडेंस वापस लाने के लिए उन्हें मंगलवार से शुरू हो रही वनडे सीरीज में भरपूर मौका मिलना चाहिए. उन्होंने कहा कि अगर आप किसी भी बल्लेबाज को प्लेइंग XI से बाहर रखते हैं तो ऐसे में उसे अच्छा महसूस नहीं होगा.
39 वर्षीय गंभीर ने ईएसपीएनक्रिकइन्फो से कहा, ‘किसी भी खिलाड़ी को बाहर करने से उसे फायदा नहीं होता. उन्हें (केएल राहुल) तीनों में खिलाना चाहिए. जब कोई फॉर्म में नहीं होता तो आप उन्हें ज्यादा से ज्यादा मौका देकर ही फॉर्म में ला सकते हैं.’
उन्होंने कहा, ‘क्योंकि जब आप बेंच पर बैठे होते हैं, तब आपको अच्छा महसूस नहीं होता. क्योंकि आपको मालूम होता है कि आपको बाहर बिठाया गया है, और यह अहसास अच्छा अहसास नहीं होता.’
बता दें भारत में इस साल अक्टूबर नवंबर 2021 में टी20 वर्ल्ड कप का आयोजन होना है और केएल राहुल इस वर्ल्ड कप में भारत की रणनीतियों का अहम हिस्सा हैं. ऐसे में उनका फॉर्म में लौटना बहुत जरूरी है.