- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Ind vs eng kuldeep yadav can play test match against england team management hints 4353055
इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के जरिए टेस्ट टीम में वापसी कर सकते हैं कुलदीप यादव; कोच-कप्तान ने दिए संकेत
भारतीय रिस्ट स्पिनर कुलदीप यादव को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार मैचों की टेस्ट सीरीज में एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला था।
Published On Jan 24, 2021, 09:23 AM IST
Last UpdatedJan 24, 2021, 09:23 AM IST
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऐतिहासिक बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी सीरीज में एक भी मैच नहीं खेल पाए स्पिनर कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) इंग्लैंड के खिलाफ मार्च-फरवरी में होने वाली सीरीज से टेस्ट टीम में वापसी कर सकते हैं। बता दें कि कुलदीप ने अपना आखिरी टेस्ट मैच भारत के पिछले ऑस्ट्रेलियाई दौर पर 2018-19 में खेला था।
बीसीसीआई ने शनिवार को एक वीडियो पोस्ट किया है जिसमें अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) कह रहे हैं, “आपके लिए ये काफी मुश्किल रहा। आप यहां एक भी मैच नहीं खेले लेकिन आपका व्यवहार काफी अच्छा था। अब हम भारत जा रहे हैं, आपका समय आएगा। इसलिए कड़ी मेहनत करते रहिए।”
भारत के गेंदबाजी कोच भरत अरुण ने भी कहा है कि कुलदीप भारत में खेलेंगे। उन्होंने कहा कि कुलदीप ऑस्ट्रेलिया में इसलिए नहीं खेले क्योंकि टीम मैनेजमेंट ने मैदान के हिसाब से खिलाड़ी चुनने की रणनीति अपनाई थी।
अरुण ने कहा, “अगर वो नहीं खेले तो ठीक है। वो कड़ी मेहनत कर रहे हैं। वो शानदार रहे हैं। हमने पिच के हिसाब से खिलाड़ी चुनने की रणनीति अपनाई थी। ध्यान रखिए, कुलदीप को जब खेलने का मौका मिलेगा तो वो बता देंगे कि वो क्या कर सकते हैं क्योंकि वो नेट्स में शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे। भारत में जब हम चार टेस्ट मैच खेलेंगे तब उनका समय होगा।”
उन्होंने कहा, “कुलदीप जब भी भारत के लिए खेले उन्होंने शानदार काम किया। टी-20 मैच में उन्हें मौका मिला था उन्होंने बेहतरीन गेंदबाजी की थी। इस टीम में हर खिलाड़ी जानता है कि उनका समय आएगा।”