- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Ind vs Nz 2nd Test: न्यूजीलैंड ने रचा इतिहास, भारत में पहली बार टेस्ट सीरीज की अपने नाम
Ind vs Nz 2nd Test: न्यूजीलैंड ने रचा इतिहास, भारत में पहली बार टेस्ट सीरीज की अपने नाम
Ind vs Nz 2nd Test Day 3: भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन के लाइव अपडेट्स के लिए हमारे साथ बने रहें.
Published On Oct 26, 2024, 09:01 AM IST
Last UpdatedOct 26, 2024, 09:01 AM IST
(Image credit- BCCI x)
Ind vs Nz 2nd Test: न्यूजीलैंड ने पुणे टेस्ट में इतिहास रचते हुए भारत को 113 रन से करारी शिकस्त दी. इस जीत के साथ ही न्यूजीलैंड ने 3 मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है. कीवी टीम के लिए पुणे टेस्ट की जीत काफी खास रही. यह भारत में न्यूजीलैंड की पहली सीरीज जीत है.
दरअसल, न्यूजीलैंड ने 69 साल के लंबे इंतजार के बाद भारत में टेस्ट सीरीज जीती है. 1955 से न्यूजीलैंड की टीम भारत दौरे पर आ रही है, टीम को पहली बार सीरीज में जीत मिली है. पुणे टेस्ट में कीवी टीम ने बल्ले और गेंद दोनों से कमाल का प्रदर्शन किया. टीम के लिए इस मुकाबले में खासतौर पर स्टार ऑलराउंडर मिचेल सैंटनर ने अपनी फिरकी के जादू में भारतीय बल्लेबाजों को बुरी तरह फंसाया और मैच में 13 विकेट अपने नाम किए.
भारत की बल्लेबाजी की खुली पोल
पुणे टेस्ट में भारतीय टीम की बल्लेबाजी की एक बार फिर पोल खुल गई. भारत के बल्लेबाज न्यूजीलैंड के सामने बुरी तरह संघर्ष करते हुए नजर आए. बात रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गजों की करें या युवा स्टार शुभमन गिल की. सभी खिलाड़ी न्यूजीलैंड के फिरकी गेंदबाजों के सामने फेल नजर आए. भारतीय टीम की पहली पारी सिर्फ 156 रन पर सिमटी तो टीम दूसरी पारी में 245 रन ही बना सकी. युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के अलावा कोई भी खिलाड़ी पिच पर टिक कर टीम के लिए संघर्ष करता हुआ नजर नहीं आया.
भारत को अब न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी मुकाबला मुंबई में खेलना है. ऐसे में टीम इंडिया तीसरे मैच को हर हाल में जीतकर अपनी साख बचाना चाहेगी. बता दें कि भारत को इस सीरीज के बाद ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर जाना है. जहां भारत और ऑस्ट्रेलिया के 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी.
Follow Updates here:
न्यूजीलैंड की दूसरी पारी 255 रन पर सिमटी, भारत को 359 रन का लक्ष्य
न्यूजीलैंड की दूसरी पारी 255 रन पर सिमटी, विलियम ओ रूर्क आखिरी बल्लेबाज के रुप में रन आउट. ग्लेन फिलिप्स 48 रन बनाकर नाबाद रहे. भारत के सामने जीत के लिए 359 रन का लक्ष्य है. पहले एक घंटे के खेल में न्यूजीलैंड की पारी सिमट गई है. भारत ने घरेलू मैदान पर 300+ लक्ष्य का पीछा करते हुए सिर्फ एक जीत हासिल की है. चेन्नई में साल 2008 में भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ 387 रन का लक्ष्य हासिल किया था. भारतीय टीम 26 बार 300 प्लस का टारगेट हासिल करने चौथी पारी में मैदान में उतरी है, जिसमें टीम को 14 बार हार मिली है. नौ मुकाबले ड्रॉ हुए हैं, एक में टीम को जीत मिली थी, जबकि एक मुकाबला टाई रहा है. वहीं न्यूजीलैंड की बात करें तो न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथी पारी में सबसे बड़ा लक्ष्य 345 रन है जिसे वेस्टइंडीज ने 1969 में ऑकलैंड में हासिल किया था.
भारत और न्यूजीलैंड की टीम खेल के तीसरे दिन आमने-सामने
नमस्कार, क्रिकेट कंट्री हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है. भारत और न्यूजीलैंड की टीम पुणे में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन आमने-सामने है. न्यूजीलैंड की टीम को दूसरी पारी में अब तक 301 रन की बढ़त मिल चुकी है और उसके पांच विकेट शेष हैं. भारतीय टीम को अगर मैच में वापसी करनी है तो उसे जल्द से जल्द न्यूजीलैंड को दूसरी पारी में ऑल आउट करना होगा.