WTC फाइनल: Kane Williamson ने बताया- 5वें दिन कहां पलटा मैच

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के अंतिम दिन टीम इंडिया मजबूत स्थिति में थी. लेकिन फिर एकाएक यह मैच उसके हाथ से फिसल गया.

Edited By : India.com Staff |Jun 29, 2021, 08:42 AM IST

Published On Jun 29, 2021, 08:42 AM IST

Last UpdatedJun 29, 2021, 08:42 AM IST

हाल ही में न्यूजीलैंड को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियन (World Test Champion) बनाने वाले कप्तान केन विलियमसन (Kane Williamson) अभी भी भारतीय टीम के खेल से प्रभावित हैं. उन्होंने कहा कि एक टेस्ट मैच वाला फाइनल खेल में भले रोमांच पैदा करे लेकिन इससे पूरी तस्वीर बयां नहीं होती कि विराट कोहली (Virat Kohli) की कप्तानी वाली टीम इंडिया कितनी मजबूत है. विलियमसन ने कहा कि मैच के आखिरी दिन इस मैच के ड्रॉ होने की संभावना थी. लेकिन दिन की शुरुआत में हमें दो महत्वपूर्ण विकेट मिल गए, जिससे मैच पलटने का मौका बन गया. विलियमसन कोहली और चेतेश्वर पुजारा (Cheteshwar Pujara) के विकेट की बात कर रहे थे.

साउथम्पटन में खेले गए बारिश से प्रभावित इस मैच में न्यूजीलैंड ने भारतीय टीम को 8 विकेट से हराया था. मैच की दूसरी पारी में विलियमसन के नाबाद अर्धशतक से टीम ने जीत के लिए 139 रन के लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया था. विलियमसन ने ‘इंडिया टुडे चैनल’ से कहा, ‘यह (एक मैच का फाइनल) उत्साह प्रदान करता है. लेकिन यह वास्तव में पूरी तस्वीर कभी नहीं बताता.’

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

उन्होंने कहा, ‘हम जानते हैं कि यह भारतीय टीम एक मजबूत टीम है. यह एक महान टीम है और हमें इस मैच में जीत हासिल करने पर गर्व है, लेकिन यह इस तथ्य को नहीं बताता कि वे कितने मजबूत हैं और उनमें क्या कौशल हैं.’

कीवी कप्तान ने कहा, ‘इसमें कोई शक नहीं कि वे बहुत मैचों में जीत दर्ज करेंगे. आप उनकी गुणवत्ता के बारे में जानते हैं. उनके पास ऐसा तेज आक्रमण है जो दुनिया में सर्वश्रेष्ठ है, स्पिन गेंदबाज अविश्वसनीय है और बल्लेबाजी का उल्लेख करने की जरूरत नहीं है.’

30 वर्षीय विलियमसन ने कहा, ‘वह (भारत) देश खेल के लिए ऐसी भावना लाता है कि हम सभी भारत की सराहना कर सकते हैं. उनके जुनून का पुरस्कार भी मिलता है. वे (खिलाड़ी) खुद को खेल के दूत के रूप में रखते हैं.’ उन्होंने कहा कि मैच के आखिरी दिन तीनों परिणाम संभव थे लेकिन समय की कमी को देखते हुए ड्रा की संभावना अधिक थी.

मौजूदा दौर के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में शुमार इस कप्तान ने कहा, ‘हर परिणाम की उम्मीद करना वास्तविकता थी और हम जितना कर सकते थे उतना करने की कोशिश कर रहे थे. हम पिछले कुछ दिनों से कुछ भी अलग नहीं कर रहे थे है और सिर्फ यह देखना चाहते थे मौके मिलने पर खेल का क्या रुख होता है.’

विलियमसन ने माना कि कोहली और चेतेश्वर पुजारा को जल्दी आउट करने से उनके लिए यह अच्छा मौका बना गया. उन्होने कहा, ‘आखिरी दिन की शुरुआत में विकेट लेना बहुत अच्छा था, जिससे उस दिन परिणाम की अधिक संभावनाएं बनीं. उसके बाद भारतीय टीम ने भी जवाबी हमला किया और उनके पास भी मौका था. गेंदबाजों को पिच से मदद मिल रही थी. हमारे लिए यह मुश्किल था.

(इनपुट: भाषा)

Editor's Pick