×

IND VS SA: विशाखापत्तनम में कैसा है पिच और मौसम का हाल ? भारत की प्लेइंग-11 में दिखेगा बदलाव

तीसरे वनडे मैच में टॉस का रोल अहम हो सकता है, इस सीरीज में सिक्के का उछाल भारतीय टीम के पक्ष में नहीं रहा है, भारत वनडे फॉर्मेट में लगातार 20 टॉस गंवा चुका है.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - December 6, 2025 9:39 PM IST

IND VS SA 3rd ODI: भारत और साउथ अफ्रीका की टीम आज एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में वनडे सीरीज के तीसरा और अंतिम मुकाबले में आमने-सामने होगी. दोनों ही टीमों के लिए यह निर्णायक मुकाबला है. आज की विजेता टीम सीरीज पर कब्जा कर लेगी. भारत ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ रांची में खेले गए पहले वनडे मैच को 17 रन से अपने नाम किया था. इसके बाद साउथ अफ्रीका ने रायपुर में खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले को 4 विकेट से जीतकर सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली थी.

इस मुकाबले में भारत को विराट कोहली और रोहित शर्मा से बल्लेबाजी में काफी उम्मीदें होंगी. कोहली ने सीरीज के शुरुआती दोनों मुकाबलों में शतक लगाया है. रोहित ने रांची में खेले गए पहले वनडे मैच में 57 रन बनाए थे, हालांकि गेंदबाजी अब तक टीम इंडिया की कमजोर कड़ी साबित हुई है. विशाखापट्टनम में एक बार फिर भारतीय गेंदबाजों का इम्तिहान होना है.

हालांकि इस मैदान की बात करें तो टीम इंडिया का रिकॉर्ड यहां काफी शानदार है. विशाखापत्तनम के एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में भारत ने अब तक कुल 10 मैच खेले हैं, जिसमें 7 मुकाबले अपने नाम किए, जबकि दो मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ा है, एक मैच बेनतीजा रहा था.

विशाखापट्टनम में टीम इंडिया का रिकॉर्ड

इस मैदान पर भारत ने पहली बार 5 अप्रैल 2005 को वनडे मैच खेला था, जिसमें उसने पाकिस्तान के खिलाफ 58 रन से जीत दर्ज की थी. इसके बाद 17 फरवरी 2007 को टीम इंडिया ने यहां श्रीलंका के खिलाफ 7 विकेट से मुकाबला जीता. 20 अक्टूबर 2010 को भारत ने इस मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहली बार मैच खेला,जिसे टीम ने पांच विकेट से अपने नाम किया. 02 दिसंबर 2011 को टीम इंडिया ने इसी अंतर के साथ वेस्टइंडीज के खिलाफ जीत दर्ज की.


24 नवंबर 2013 को भारत ने पहली बार इस मैदान पर वनडे मैच गंवाया, वेस्टइंडीज ने पिछली हार का बदला लेते हुए भारत को 2 विकेट से शिकस्त दी. 29 अक्टूबर 2016 को भारत ने इस मैदान पर न्यूजीलैंड को 190 रन से रौंदा, जिसके बाद 17 दिसंबर 2017 को श्रीलंका के खिलाफ 8 विकेट से जीत दर्ज की.

24 अक्टूबर 2018 को इस मैदान पर भारत और वेस्टंडीज के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया, जिसमें दोनों ही टीमों ने 321-321 रन बनाए, यह मैच टाई रहा. 18 दिसंबर 2019 को भारत ने इस मैदान पर वेस्टइंडीज के विरुद्ध 107 रन से बड़ी जीत दर्ज की. इसके बाद 19 मार्च 2023 को ऑस्ट्रेलियाई टीम ने यहां भारत को महज 117 रन पर समेटकर 10 विकेट से जीत दर्ज की।

विशाखापट्टनम में कैसी होगी पिच ?

डॉ. वाई.एस. राजशेखर रेड्डी ACA-VDCA स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए काफी अनुकूल मानी जाती है,हालांकि मैच की शुरुआत में गेंदबाजों को भी मदद मिल सकती है. गेंद अच्छी तरह बैट पर आएगी और बल्लेबाजों को शॉट खेलने में आसानी होगी. शुरुआती ओवरों में गेंदबाज सही लाइन और लेंथ से पिच से कुछ मूवमेंट हासिल कर सकते हैं, लेकिन उसके बाद यह बल्लेबाजों को फायदा मिलेगा.

इस सीरीज में ओस ने बड़ी भूमिका निभाई है, ऐसे में टॉस का रोल अहम हो सकता है, इस सीरीज में सिक्के का उछाल भारतीय टीम के पक्ष में नहीं रहा है, भारत वनडे फॉर्मेट में लगातार 20 टॉस गंवा चुका है. विशाखापत्तनम ने हाल ही में महिला विश्व कप में पांच मुकाबलों की मेजबानी की है. सभी मौकों पर, चेज करने वाली टीमों ने मुकाबला जीता है. ऑस्ट्रेलिया ने मेजबान टीम के खिलाफ एक मैच में 331 रन का सफलतापूर्वक पीछा किया था.

कैसा है मौसम का हाल ?

शनिवार को यहां अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है, जबकि न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मुकाबले के दौरान बारिश की आशंका नहीं है.

प्लेइंग-11 में भी दिखेगा बदलाव

आखिरी और निर्णायक वनडे में भारत की प्लेइंग-11 में भी बदलाव दिख सकता है. वाशिंगटन सुंदर की जगह तिलक वर्मा को मौका दिया जा सकता है, वहीं प्रसिद्ध कृष्णा की जगह नितिश रेड्डी टीम में जगह बना सकते हैं.

TRENDING NOW

भारत की संभावित प्लेइंग-11

यशस्वी जायसवाल, रोहित शर्मा, विराट कोहली, रुतुराज गायकवाड़, केएल राहुल, तिलक वर्मा, नीतीश रेड्डी, रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह.