- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Ind vs sl rahul chahar s positive attitude and variations impress me a lot says laxman shivaramakrishnan 4819527
IND vs SL- Rahul Chahar में गजब का विश्वास, उनके प्रदर्शन पर होगी खास नजर: L. Sivaramakrishnan
पूर्व लेग स्पिनर लक्ष्मण शिवरामकृष्णन युवा गेंदबाज राहुल चाहर की बॉलिंग और उनके गजब के आत्मविश्वास के कायल हैं.
Published On Jul 16, 2021, 08:48 PM IST
Last UpdatedJul 16, 2021, 08:48 PM IST
भारतीय टीम के पूर्व लेग स्पिनर और गुगली एक्सपर्ट लक्ष्मण शिवरामकृष्णन (Laxman Sivaramakrishnan) टीम इंडिया के युवा लेग स्पिनर राहुल चाहर (Rahul Chahar) के प्रदर्शन और प्रतिभा से काफी प्रभावित हैं. शिवारामकृष्णन ने कहा कि बॉलिंग में उनकी पॉजिटिव अप्रोच और उनकी विविधताओं से वह बेहद प्रभावित हैं और श्रीलंका के खिलाफ आगामी सीरीज में उनकी नजर राहुल पर खासतौर से होगी.
भारत के लिए अब तक तीन टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके 21 वर्षीय राहुल चाहर को श्रीलंका सीरीज के लिए पहली बार वनडे टीम में भी शामिल किया गया है. वह रविवार से शुरू हो रही आगामी तीन मैचों की सीरीज में 50 ओवर के फॉर्मेट में पदार्पण कर सकते हैं.
शिवरामकृष्णन ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘राहुल चाहर मुझे बहुत आक्रामक गेंदबाज लगते हैं. उनका शारीरिक हाव-भाव अच्छा है, उनके पास सभी तरह की विविधताएं हैं. उनके खिलाफ बड़ा शॉट लगने से भी उन्हें कोई ज्यादा फर्क नहीं पड़ता. चौके-छक्के खाने के बाद भी वह परेशान नहीं होते हैं. वह मुझे पसंद हैं.’
चाहर के कौशल के बारे में पूछे जाने पर, शिवरामकृष्णन ने कहा, ‘उनका सकारात्मक रवैया, गेंद की लंबाई, गति में बदलाव करने की क्षमता और हमेशा बल्लेबाज को आउट करने की कोशिश उन्हें विशेष बनाती है.’
उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में मुंबई इंडियन्स (MI) का प्रतिनिधित्व करने वाले इस गेंदबाज के बारे में कहा, ‘मैच के दौरान बीच के ओवरों में आपको विकेट लेने होते हैं नहीं तो बल्लेबाज आखिरी ओवरों में काफी रन बना लेंगे. वह बीच के ओवरों में विकेट चटकाकर मुंबई के मैच का रुख बदलते हैं.’
श्रीलंका दौरे पर गई भारतीय टीम को रविवार को तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला खेलना है. टीम को इसके बाद इतने ही मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में भाग लेना है. शिवरामकृष्णन इस सीरीज में भारतीय प्रसारक सोनी चैनल के लिए अंग्रेजी और तमिल में कॉमेंट्री करेंगे.
(इनपुट: भाषा)