- क्रिकेट न्यूज़
- News
- IND vs SL: Rohit Sharma reacts after making record of 5 century in world cup
वर्ल्ड कप में रिकॉर्ड्स की झड़ी लगाने के बाद रोहित शर्मा बोले- मैं..
रोहित शर्मा एक विश्व कप में पांच शतक लगाने वाले एकलौते बल्लेबाज बन गए हैं।
Published On Jul 07, 2019, 12:35 AM IST
Last UpdatedJul 07, 2019, 12:35 AM IST
Rohit Shamra (File Photo) @ AFP
अपने बल्ले से प्रतिदिन नए रिकाॅर्ड बना रहे भारत के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने कहा है कि वह कभी भी रिकाॅर्ड के बारे में नहीं सोचते हैं क्योंकि उनका ध्यान टीम को जीत दिलाने पर होता है।
रोहित ने शनिवार को हेडिंग्ले मैदान पर खेले गए आईसीसी विश्व कप-2019 के मैच में श्रीलंका के खिलाफ 103 रनों की पारी खेली और भारत को सात विकेट से जीत दिलाने में अहम योगदान दिया।
यह रोहित का इस विश्व कप में पांचवां शतक है और इसी के साथ वह एक विश्व कप में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। रोहित को बेहतरीन पारी के लिए मैन ऑफ द मैच भी चुना गया। पुरस्कार लेने के बाद रोहित ने कहा, “मैंने पांच शतक लगाने के बारे में नहीं सोचा था। मैं पहले भी यह बात कहता रहा हूं कि मेरा ध्यान मैदान पर जाकर अपना काम करने पर होता है। मैं किसी तरह के रिकाॅर्ड के बारे में नहीं सोचता। अगर मैं अच्छा खेलूंगा तो इस तरह की चीजें होती रहेंगी।”
पढ़ें:- लसिथ मलिंगा के रिटायरमेंट पर कप्तान दिमुथ करुणारत्ने का बड़ा बयान, बोले..
रोहित ने कहा कि उनकी पारी में शॉट्स का चयन काफी अहम हो गया है। भारत के उप-कप्तान ने कहा, “मेरे लिए शॉट्स का चयन काफी अहम हो गया है। मैं गणित लगाता रहता हूं कि मुझे किस तरह से अपनी पारी बढ़ानी है। मैंने इसे अपनी अतीत की पारियों से सीखा है।”
‘मलिंगा की कमी पूरी कर पाना मुश्किल’
यह मैच श्रीलंका के दिग्गज तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा का आखिरी विश्व कप मैच था। इंडियन प्रीमियर लीग में मलिंगा के कप्तान रहे रोहित ने कहा कि क्रिकेट जगत को मलिंगा की कमी खलेगी।
रोहित ने कहा, “वह श्रीलंका के लिए चैम्पियन गेंदबाज है और मुंबई इंडियंस के भी। उन्होंने इतने वर्षो में बताया है कि क्यों टीम उन पर इतना भरोसा करती है। मैंने उन्हें काफी करीब से देखा है और इसलिए कह सकता हूं कि क्रिकेट जगत को उनकी कमी खलेगी।”
‘सेमीफाइनल में विरोधी टीम के बारे में नहीं सोच रहा हूं’
रोहित ने कहा भारत सेमीफाइनल में किस टीम से भिड़ेगा इसके बारे में टीम नहीं सोच रही है। रोहित ने कहा, “एक टीम के तौर पर हम इस बारे में नहीं सोच रहे हैं कि सेमीफाइनल में हमारा सामना किससे होगा। आज हमने बेहतरीन जीत हासिल की है और हम इसका जश्न मनाना चाहते हैं।”