- Home
- News
- ind vs zim 2nd test day 3 match report and highlights zimbabwe follow on as rashid khan and hamza spark
AFG vs ZIM: पहाड़ सा स्कोर बनाने के बाद अफगानिस्तान ने जिम्बाब्वे को 287 पर समेटा, बढ़ा पारी की हार का खतरा
टेस्ट सीरीज में 0-1 से पिछड़ी अफगानिस्तान ने दूसरे टेस्ट में अपनी जीत की राह तैयार कर ली है. मैच के तीसरे दिन उसने जिम्बाब्वे को फॉलोऑन दिया है.
Published On Mar 12, 2021, 08:32 PM IST
Last UpdatedMar 12, 2021, 08:32 PM IST
टीम अफगानिस्तान @ICCTwitter
जिम्बाब्वे से पहला टेस्ट मैच हारने के बाद अफगानिस्तान (AFG vs ZIM 2nd Test) ने दूसरे और अंतिम टेस्ट में खुद को बखूबी तैयार किया है. सीरीज में बराबरी का वह कोई भी मौका गंवाने के मूड में नहीं है. मैच के तीसरे दिन उसने जिम्बाब्वे की पहली पारी को 287 रन पर समेटकर उसे फॉलोऑन दिया है. पहली पारी के आधार पर उसने जिम्बाब्वे पर 258 रनों की लीड ली और इस अफ्रीकी टीम पर अब पारी की हार का खतरा मंडरा रहा है. इस बीच जिम्बाब्वे की दूसरी पारी शुरू हो चुकी है और तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक उसने बिना कोई विकेट गंवाए 24 रन जोड़ लिए हैं, जबकि वह अभी भी 234 रन पीछे है.
इससे पहले जिम्बाब्वे ने आज मैच के तीसरे दिन बिना किसी नुकसान के 50 रन से आगे खेलना शुरू किया था. मेसवुरे और कसुजा ने पहले विकेट के लिए 91 रन की साझेदारी कर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई. लेकिन इन दोनों के आउट होने के बाद वह लड़खड़ा गया. इसके बाद सिकंदर राजा और तारिसई मुसाकांदा ने पारी को संभालने की कोशिश की लेकिन राशिद खान (Rashid Khan) ने इन दोनों खिलाड़ियों को आउट कर जिम्बाब्वे को संभलने का ज्यादा देर मौका नहीं दिया.
A good day for Afghanistan in Abu Dhabi!
Zimbabwe go to stumps on 24/0, trailing by 234 runs, after they were bowled out for 287 in the first innings.#AFGvZIM ➡️ https://t.co/Go0bOAx1vG pic.twitter.com/emRpuKEBe4
— ICC (@ICC) March 12, 2021
जिम्बाब्वे की पारी में सिकंदर ने 129 गेंदों पर 7 चौकों और एकमात्र छक्के की मदद से सर्वाधिक 85, मेसवुरे ने 143 गेंदों पर 5 चौकों के सहारे 65, कसुजा ने 41, मुसाकांदा ने 41 और विकेटकीपर बल्लेबाज रेगिस चाकाब्वा ने 33 रन बनाए. स्टार लेग स्पिनर राशिद खान (4/138) और आमीर हम्जा (73/3) की शनदार गेंदबाजी से अफगानिस्तान ने जिम्बाब्वे को 287 रन पर ऑलआउट कर उसे फोलोऑन दे दिया.
इससे पहले मैच के दूसरे दिन अफगानिस्तान ने अपनी पहली पारी चार विकेट पर 545 रन पर घोषित की थी. जिम्बाब्वे की ओपनिंग साझेदारी देखकर ऐसी उम्मीद जगी थी कि वह अफगानिस्तान को इस बड़े स्कोर के बाद बेहतरीन चुनौती पेश करेगी. लेकिन केविन कसुजा आउट हुए तो राशिद खान और लेफ्टआर्म स्पिनर ने उन्हें अपने जाल में फंसा लिया. अब मैच के चौथे दिन वह पारी की जीत अपने नाम करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी.