वैभव सूर्यवंशी के लिए लकी है हरारे का मैदान, दोहराना चाहेंगे 167 दिन पुरानी दास्तां

वैभव सूर्यवंशी ने इसी मैदान पर अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में 175 रन की पारी खेली थी. और अब वह दोबारा उसी मैदान पर टीम इंडिया की सीनियर टीम के साथ हैं.

Edited By : Bharat Malhotra |Jul 22, 2026, 04:01 PM IST

Published On Jul 22, 2026, 04:01 PM IST

Last UpdatedJul 22, 2026, 04:01 PM IST

नई दिल्ली: भारत और जिम्बाब्वे के बीच गुरुवार, 23 जुलाई से तीन टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज खेली जानी है. और भारत के टीनएज स्टार वैभव सूर्यवंशी के लिए अपनी साख के हिसाब से खेलने का एक और मौका इस सीरीज में मिल सकता है. वैभव को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया था. बाएं हाथ के इस 15 साल के खिलाड़ी को आयरलैंड में खेलने का मौका नहीं मिला. और इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए तीन मैचों में वह कुछ खास नहीं कर पाए. उन्होंने 3 मैचों में कुल 42 रन ही बनाए थे.

लेकिन जिम्बाब्वे के खिलाफ हरारे के मैदान पर राजस्थान रॉयल्स का यह सितारा कुछ खास करना चाहेगा. आखिर इस मैदान पर वैभव की कुछ खास यादें भी जुड़ी हैं. इसी मैदान पर 6 फरवरी 2026 को वैभव ऐतिहासिक पारी खेली थी. इस बात को लगभग 167 दिन का समय बीत चुका है. अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ इस पारी में वैभव ने 175 रन ठोक दिए थे. 80 गेंद की इस पारी में उन्होंने चौके-छक्कों की बरसात कर दी थी. उन्होंने 15 चौके और 15 छक्के लगाए थे. उनकी इस पारी ने भारत को चैंपियन बनाने में काफी मदद की थी. भारत ने इस पारी की मदद से 9 विकेट पर 411 रन बनाए थे. इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 40.2 ओवर में 311 रन पर ऑल आउट हो गई थी.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

वैभव भी इस मैदान पर लौटकर काफी खुश हैं. BCCI ने एक वीडियो जारी किया है जिसमें वैभव कहते हैं, ‘यह मेरे लिए बहुत यादगार मैदान है. सिर्फ चार महीने पहले, हमने यहां अंडर-19 वर्ल्ड कप का फाइनल खेला था. और जीता था. तो यह एक बहुत खास मैदान है. भारत का प्रतिनिधित्व करना हर किसी का सपना होता है.’

वैभव ने आगे कहा, ‘मैं उस मैदान पर खेल रहा हूं जहां हमने अंडर-19 वर्ल्ड कप जीता था. और अब उस मैदान पर दोबारा आना और खेलना अपने आप में एक अलग तरह का अनुभव है. मैं वाकई इसका लुत्फ उठा रहा हूं.’

आईपीएल 2026 में वैभव ने बहुत कमाल का प्रदर्शन किया. वैभव ने 237.3 के स्ट्राइक-रेट से 776 रन बनाए थे. डेब्यू से पहले उन्होने अफगानिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ ए ट्राएंगुलर सीरीज के फाइनल में धमाकेदार पारी खेली थी. उन्होंने 11 गेंद पर हाफ सेंचुरी लगा दी थी.

इंग्लैंड के खिलाफ डेब्यू सीरीज में वह कुछ खास नहीं कर पाए थे लेकिन वैभव को उम्मीद है कि जिम्बाब्वे में परिस्थितियां अलग होंगी. उन्होंने कहा, ‘हां, बीते चार महीनों में काफी उतार-चढ़ाव हुए हैं. यह क्रिकेट का हिस्सा है और ऐसा होता रहेगा. लेकिन मैं सही प्रक्रिया का पालन करूंगा और टीम के लिए 100 फीसदी देता रहूंगा.’

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra

अभी cricketcountry.com की हिंदी टीम को लीड कर रहे हैं. भारत के पास डिजिटल मीडिया में करीब 17 साल का अनुभव है. ज्यादातर वक्त क्रिकेट पर लिखते, समीक्षा करते और समझते हुए बीता है. साल 2008 में IPL के साथ करियर की शुरुआत हुई. तब Iplnewsonline.com की शुरुआती टीम का हिस्सा रहे. इसके बाद हिंदीलोक डॉट कॉम की जिम्मेदारी लंबे वक्त तक अकेले ही संभाली. फिर प्लानमैन मीडिया की TheSundayIndian.com की हिंदी वेबसाइट को लीड किया. भारत मल्होत्रा के सफर का अगला पड़ाव दैनिक जागरण की हेल्थ वेबसाइट ओन्ली माई हेल्थ रहा. यहां करीब ढाई साल तक हिंदी वेबसाइट की अगुआई की. इस दौरान साइट को नए सिरे से तैयार करना. इसके कॉन्टेंट और स्ट्रक्चर में बड़े पैमाने पर सुधार किया. नतीजा, उस दौरान यह हेल्थ के क्षेत्र में भारत की नंबर वन वेबसाइट बनी. यहां संपादकीय के साथ-साथ प्रॉडक्ट, तकनीक और सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन में भी सहयोग दिया. फरवरी 2015 में भारत मल्होत्रा NBT.in से जुड़े. यहां 7 साल से अधिक समय तक स्पोर्टस टीम के लीड रहे. इस दौरान क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 और फीफा वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, कई IPL सीजन, ओलिंपिक 2016 और 2020, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे बड़े आयोजनों में टीम की अगुआई की.

Editor's Pick