• Home
  • News
  • India Beat Australia by 8 runs To Take 2-0 Lead, Vijay shankar shines

नागपुर वनडे में भारत की ऑस्ट्रेलिया पर 8 रन से रोमांचक जीत

भारत ने ऑस्ट्रेलिया को नागपुर वनडे में 8 रन से हराकर सीरीज में 2-0 की बढ़त हासिल कर ली।

Edited By : Cricket Country Staff |Mar 05, 2019, 10:16 PM IST

Published On Mar 05, 2019, 10:16 PM IST

Last UpdatedMar 05, 2019, 10:16 PM IST

भारत ने विदर्भ क्रिकेट संघ (वीसीए) स्टेडियम में मंगलवार को सीरीज के दूसरे वनडे में ऑस्ट्रेलिया पर आठ रन से रोमांचक जीत हासिल की। इस जीत के बाद भारत ने पांच मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 बढ़त बना ली है।

पढ़ें: कपिल देव, सचिन तेंदुलकर के क्लब में शामिल हुए रविंद्र जडेजा

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 48.2 ओवर में 250 रन का स्कोर बनाया और फिर ऑस्ट्रेलिया को 49.3 ओवर में 242 रनों पर ऑलआउट कर दिया। ऑस्ट्रेलिया के लिए मार्कस स्टोइनिस ने 52 और पीटर हैंड्सकॉम्ब ने 48 रन बनाए। भारत की ओर से कुलदीप यादव ने 10 ओवर में 54 रन देकर तीन विकेट हासिल किए जबकि जसप्रीत बुमराह और विजय शंकर ने दो-दो विकेट लिए।

आखिरी ओवर में भारत को मिली रोमांचक जीत

आखिरी ओवर की पहली गेंद पर विजय शंकर ने ऑस्ट्रेलिया की आखिरी उम्मीद मार्कस स्टोइनिस का विकेट झटका। विजय ने LBW की अपील की और अंपायर ने आउट दे दिया। अंपायर की अंगुली उठने के साथ ही स्टोइनिस ने रिव्यू का इशारा किया। थर्ड अंपायर ने फील्ड अंपायर के फैसले के साथ जाते हुए उन्हें आउट करार दिया। ओवर की दूसरी गेंद पर एडम जाम्पा ने दो रन लिए लेकिन अगली ही गेंद पर विजय ने जाम्पा का विकेट उखाड़ भारत को 8 रन से रोमांचक जीत दिला दी। ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम 49.3 ओवर में 242 रन पर ऑलआउट हो गई।

इससे पहले भारत कप्तान विराट कोहली के 120 गेंद पर 10 चौकों की मदद से खेली 116 रन की पारी के दम पर 250 रन के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रहा।

ऑस्ट्रेलिया के कप्तान एरोन फिंच ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। रोहित शर्मा पहले ओवर की आखिरी गेंद पर पैट कमिंस का शिकार बने। रोहित जब आउट हुए तब टीम का खाता भी नहीं खुला था। कोहली मैदान पर आए और शिखर धवन (21) के साथ टीम को 38 के स्कोर तक पहुंचाया। ग्लेन मैक्सवेल ने धवन को एलबीडब्ल्यू कर भारत को दूसरा झटका दिया।

पढ़ें: ‘सीओए ने अब तक राहुल और हार्दिक पांड्या का मामला नहीं भेजा’

अंबाती रायडू (18) ऑफ स्पिनर नेथन लियोन की गेंद पर आउट हुए। भारत का स्कोर तीन विकेट के नुकसान पर 75 रन हो गया था। विजय शंकर को बल्लेबाजी के लिए ऊपर भेजा जहां उन्होंने पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 46 रनों की पारी खेली। विजय दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हुए।

कोहली ने जाम्पा की गेंद पर सीधा शॉट खेला जो जाम्पा की उंगली से टकरा कर विकेटों पर जा लगा। विजय क्रीज से बाहर थे और उन्हें पवेलियन लौटना पड़ा। कोहली और विजय के बीच चौथे विकेट के लिए 81 रन की साझेदारी निभाई।

पिछले मैच के हीरो केदार जाधव (11) और महेंद्र सिंह धोनी (0) को जाम्पा ने दो लगातार गेंद पर आउट कर भारत को संकट में ला दिया। कोहली एक छोर पर खड़े रहे। रविंद्र जडेजा (21) ने कोहली के साथ 87 रन जोड़ टीम को अच्छे स्कोर की तरफ ले जाना जारी रखा। कमिंस की गेंद पर जडेजा 238 के कुल स्कोर पर उस्मान ख्वाजा के हाथों लपके गए।

अपने करियर का 40वां शतक लगाने वाले कोहली की पारी का अंत भी कमिंस ने 48वें ओवर में किया। कुलदीप यादव तीन रनों का योगदान दे सके। नाथन कुल्टर नाइल ने जसप्रीत बुमराह को आउट कर भारतीय पारी का अंत किया।

ऑस्ट्रेलिया के लिए कमिंस ने 9 ओवर में 29 रन देकर चार विकेट लिए। जाम्पा को दो विकेट मिले। नाइल, मैक्सवेल और लियोन को एक-एक विकेट मिला

Editor's Pick