- क्रिकेट न्यूज़
- News
- India beat Pakistan by two runs DLS Method in Hong Kong Sixes 2025
Hong Kong Sixes 2025: भारत ने पाकिस्तान को फिर धोया, हांगकांग सिक्सेस में टीम इंडिया की जीत से शुरुआत
भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 86 रन बनाए थे, पाकिस्तान की पारी के तीन ओवर के बाद बारिश से आगे खेल नहीं हो सका और डीएलएस नियम से भारत को जीत मिली.
Published On Nov 07, 2025, 02:22 PM IST
Last UpdatedNov 07, 2025, 02:22 PM IST
Robin Uthappa
IND VS PAK: क्रिकेट के मैदान पर भारतीय टीम ने पाकिस्तान को एक बार फिर धूल चटाई है. शुक्रवार को हांगकांग सिक्सेस टूर्नामेंट में भारत ने पाकिस्तान को दो रन (DLS) से हरा दिया. भारतीय ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 86 रन बनाए थे, पाकिस्तान की पारी के तीन ओवर के बाद बारिश से आगे खेल नहीं हो सका और डीएलएस नियम से भारत को जीत मिली. पाकिस्तान ने खेल रोके जाने तक तीन ओवर में एक विकेट पर 41 रन बनाए थे.
पाकिस्तान की टीम ने इस मैच में टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया. भारत के ओपनर्स रॉबिन उथप्पा और भारत चिपली ने टीम को शानदार शुरुआत दिलाई. दोनों बल्लेबाजों ने 2.3 ओवर में 42 रन की ओपनिंग साझेदारी की. रॉबिन उथप्पा 11 बॉल में 28 रन ( दो चौके, तीन छक्के) बनाकर आउट हुए. स्टुअर्ट बिन्नी (04) ने भी निराश किया. भारत चिपली ने 13 बॉल में 24 रन (दो चौके, दो छक्का) और कप्तान दिनेश कार्तिक ने छह गेंद में नाबाद 17 रन (दो चौके, एक छक्का) की पारी खेली. अभिमन्यु मिथुन पांच रन बनाकर नाबाद रहे. भारतीय टीम ने निर्धारित छह ओवर में चार विकेट पर 86 रन बनाए.
बारिश के बाद DLS से निकला नतीजा
भारत के लक्ष्य के जवाब में पाकिस्तान की टीम ने भी विस्फोटक शुरुआत की. माज सदाकत (07) का विकेट दूसरे ओवर में गिरा, हालांकि इसके बावजूद ख्वाजा (09 बॉल में नाबाद 18 रन) और अब्दुल समद (06 बॉल में नाबाद 16 रन) की मदद से पाकिस्तान ने तीन ओवर में एक विकेट पर 41 रन बनाए, हालांकि इसके बाद बारिश ने मैच को रोक दिया. भारी बारिश के बाद मैच का नतीजा डकबर्थ लुईस नियम से निकला और भारतीय टीम को दो रन से विजेता घोषित किया गया.
पाकिस्तान की टीम ने इससे पहले कुवैत के खिलाफ हांगकांग सिक्सेस 2025 के अपने पहले मैच में चार विकेट से जीत दर्ज की थी. उस मैच में अब्बास अफरीदी ने एक ओवर में छह छक्के जड़े थे.