add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

T20 World Cup 2026: ईशान का बल्ला शान से, भारत ने साउथ अफ्रीका को प्रैक्टिस मैच में 30 रन से हराया

भारत ने साउथ अफ्रीका को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के प्रैक्टिस मैच में 30 रन से हरा दिया. भारत के लिए ईशान किशन ने हाफ सेंचुरी लगाई

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - February 5, 2026 2:51 PM IST

नई मुंबई: इशान किशन की अगुआई में बल्लेबाजों के उम्दा प्रदर्शन से भारत ने आईसीसी टी20 विश्व कप के अभ्यास मैच में बुधवार को यहां दक्षिण अफ्रीका को 30 रन से हरा दिया.

भारत के 241 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका की टीम ट्रिस्टन स्टब्स (नाबाद 45), रियान रिकेल्टन (44), एडेन मारक्रम (38), जेसन स्मिथ (35) और मार्को यानसेन (31) की पारियों के बावजूद सात विकेट पर 210 रन ही बना सकी. भारत की ओर से अभिषेक शर्मा ने 32 रन देकर दो विकेट चटकाए.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

इशान ने इससे पहले 20 गेंद में सात छक्कों और दो चौकों से 53 रन की पारी खेलने के अलावा अभिषेक शर्मा (24) के साथ पहले विकेट के लिए 80 रन की साझेदारी की जिससे भारत ने पांच विकेट पर 240 रन बनाए. चोट के बाद वापसी कर रहे तिलक वर्मा ने भी 19 गेंद में तीन छक्कों और इतने ही चौकों से 45 रन की पारी खेली. अक्षर पटेल (नाबाद 35), कप्तान सूर्यकुमार यादव (30) और हार्दिक पंड्या (30) ने भी उपयोगी योगदान दिया.

उम्मीद है कि इशान सात फरवरी को वानखेड़े स्टेडियम में अमेरिका के खिलाफ भारत के पहले टी20 विश्व कप मैच में अभिषेक के साथ पारी का आगाज करेंगे.

लक्ष्य का पीछा करने उतरे दक्षिण अफ्रीका ने पहले ओवर में ही जॉर्ज लिंडे (00) का विकेट गंवा दिया जिन्होंने अर्शदीप सिंह की गेंद पर पंड्या को कैच थमाया. मारक्रम ने पंड्या पर लगातार तीन छक्कों के साथ तेवर दिखाए और फिर अर्शदीप पर भी छक्का जड़ा. रिकेल्टन ने भी हर्षित राणा की लगातार गेंदों पर चौका और छक्का मारा.

मारक्रम 19 गेंद में चार छक्कों और दो चौकों से 38 रन बनाकर रिटायर आउट हो गए. रिकेल्टन ने कुलदीप यादव का स्वागत लगातार दो छक्कों के साथ किया लेकिन डेवाल्ड ब्रेविस सिर्फ दो रन बनाकर शिवम दुबे की गेंद पर वर्मा को कैच दे बैठे.

वरुण चक्रवर्ती ने अपनी पहली ही गेंद पर रिकेल्टन को विकेटकीपर इशान के हाथों कैच कराया जबकि अक्षर ने डेविड मिलर (13) की पारी का अंत करके दक्षिण अफ्रीका का स्कोर पांच विकेट पर 100 रन किया.

जेसन स्मिथ ने कुलदीप पर छक्का मारा. उन्होंने अभिषेक पर लगातार दो चौके जड़े लेकिन अगली गेंद पर कुलदीप को कैच दे बैठे. दक्षिण अफ्रीका को अंतिम पांच ओवर में 99 रन की दरकार थी. मार्को यानसेन ने दुबे पर दो चौके और दो छक्के से 16वें ओवर में 22 रन जुटाए लेकिन अभिषेक ने उन्हें बोल्ड कर दिया.

इससे पहले भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया जिसके बाद इशान और अभिषेक ने टीम को तूफानी शुरुआत दिलाई. इशान ने लुंगी एनगिडी के पहले ओवर में दो छक्के मारे जबकि कागिसो रबादा की गेंद को भी दर्शकों के बीच पहुंचाया.

अभिषेक ने कोर्बिन बॉश पर लगातार तीन चौके मारे. इशान ने पांचवें ओवर में एनरिच नोर्किया की लगातार गेंदों पर तीन छक्के और एक चौके से 29 रन जोड़े. इशान ने क्वेना मफाका पर छक्के के साथ सिर्फ 20 गेंद में अर्धशतक पूरा किया और फिर रिटायर्ड आउट हो गए. उन्होंने अपनी पारी में सात छक्के और दो चौके लगाए.

भारत ने पावर प्ले में एक विकेट पर 83 रन बनाए. अभिषेक भी 24 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गए. चोट के बाद वापसी कर रहे वर्मा शानदार लय में दिखे. उन्होंने स्पिनर जॉर्ज लिंडे पर छक्के और चौके से शुरुआत की और फिर नोर्किया पर भी लगातार दो चौके मारे.

भारत ने 10 ओवर में दो विकेट पर 135 रन बनाए. मार्को यानसेन ने तिलक को बोल्ड किया. उन्होंने 19 गेंद का सामना करते हुए तीन छक्के और तीन चौके मारे. सूर्यकुमार भी 16 गेंद में दो छक्कों और दो चौकों से 30 रन बनाने के बाद मफाका की गेंद पर लिंडे को कैच दे बैठे.

उप कप्तान अक्षर पटेल ने भी 23 गेंद की अपनी पारी में कुछ आकर्षक शॉट लगाए जबकि पंड्या ने कोर्बिन बॉश का शिकार बनने से पहले 10 गेंद की अपनी पारी में तीन छक्के और दो चौके मारे. बॉश की गेंद रिंकू सिंह के हेलमेट में लगी. उन्होंने 16 रन बनाए.

Tags: