आईसीसी टेस्ट रेंकिंग में नंबर एक पर पहुंची भारतीय टीम

श्रीलंका के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की 3-0 से मिली हार का मिला भारतीय टीम को मिला फायदा 112 अंकों के साथ शीर्ष पर काबिज

Edited By : Cricket Country Staff |Aug 18, 2016, 12:16 PM IST

Published On Aug 18, 2016, 12:16 PM IST

Last UpdatedAug 18, 2016, 12:16 PM IST

भारतीय टीम 112 अंकों के साथ टेस्ट क्रिकेट में नंबर एक टीम बन गई है © AFP
भारतीय टीम 112 अंकों के साथ टेस्ट क्रिकेट में नंबर एक टीम बन गई है © AFP

श्रीलंका के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला 0-3 से गंवाने के बाद ऑस्ट्रेलिया अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद(आईसीसी) की बुधवार को जारी की गई ताजा टेस्ट टीमों की रैंकिंग में पहले स्थान से खिसक कर तीसरे स्थान पर आ गई है। ऑस्ट्रेलिया की इस हार का भारत को सबसे ज्यादा फायदा हुआ है और वह एक बार फिर टेस्ट की नंबर एक टीम बन गई है। श्रीलंका दौरे पर ऑस्ट्रेलिया 118 अंकों के साथ नंबर एक टीम के तौर पर पहुंची थी, लेकिन पहले टेस्ट में 106 रन, दूसरे टेस्ट में 229 और तीसरे टेस्ट में 163 रनों से हार झेलने के बाद उसे 10 अंकों का नुकसान हुआ है।

ऑस्ट्रेलिया के खराब प्रदर्शन का फायदा पाकिस्तान को भी हुआ है और हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ चार मैचों की श्रृंखला 2-2 से ड्रॉ कराने वाली पाकिस्तानी टीम आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में दूसरे पायदान पर पहुंच गई है। पाकिस्तान शीर्ष पर मौजूदा भारत से रैंकिंग अंकों में सिर्फ एक अंक पीछे है। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के भी बराबर अंक हैं, लेकिन इंग्लैंड ऑस्ट्रेलिया से एक स्थान नीचे चौथे पायदान पर है।

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

भारत को अगर अपना शीर्ष स्थान कायम रखना है तो उसे वेस्टइंडीज के खिलाफ चल रही टेस्ट श्रृंखला के अंतिम और चौथे टेस्ट मैच में जीत हासिल करनी होगी। चौथा टेस्ट मैच गुरुवार से पोर्ट ऑफ स्पेन में खेला जाएगा। भारत ने हालांकि श्रृंखला पहले ही अपने नाम कर ली है। उसने पहले टेस्ट मैच में मेजबानों को पारी और 92 रनों से हराया था, जबकि दूसरा टेस्ट मैच ड्रॉ रहा था। तीसरे टेस्ट मैच में भारत ने वेस्टइंडीज को 237 रनों से मात देते हुए श्रृंखला में अजेय बढ़त हासिल कर ली है।

भारत ने इस साल की शुरुआत टेस्ट की नंबर एक टीम के तौर पर ही की थी, लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड को 2-0 से हराकर भारत से नंबर एक की कुर्सी छिन ली थी। वहीं, 85 अंकों के साथ सातवें स्थान से श्रृंखला की शुरुआत करने वाली श्रीलंकाई टीम को एक स्थान का फायदा हुआ है और वह अब छठें पायदान पर आ गई है। न्यूजीलैंड की टीम को पांचवां स्थान मिला है जबकि दक्षिण अफ्रीका टीम सांतवें पायदान पर है।

Editor's Pick