- क्रिकेट न्यूज़
- News
- India didn’t allow Pakistan to play says Mickey Arthur
VIDEO: पाकिस्तानी कोच बोले- भारत ने हमें खेलने ही नहीं दिया
पाकिस्तान को मिली लगातार दो हार के बाद टीम के कोच मिकी आर्थर ने कहा कि भारतीय टीम ने पाकिस्तान को खेलने का मौका ही नहीं दिया।
Published On Sep 24, 2018, 12:41 PM IST
Last UpdatedSep 24, 2018, 12:41 PM IST
एशिया कप में खेले गए अब तक के दोनों मुकाबले में पाकिस्तान की टीम को भारत के हाथों हार का सामना करना पड़ा है। पाकिस्तान को मिली लगातार दो हार के बाद टीम के कोच मिकी आर्थर ने कहा कि भारतीय टीम ने पाकिस्तान को खेलने का मौका ही नहीं दिया।
भारत ने रविवार को खेले गए एशिया कप सुपर फोर के मुकाबले में पाकिस्तान पर वनडे की सबसे बड़ी जीत दर्ज की। 9 विकेट से हराते हुए भारत ने पाकिस्तान पर विकेट के लिहाज से वनडे इतिहास की सबसे बड़ी जीत हासिल की। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 237 रन बनाए जिसे भारत ने महज 1 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
मैच के बाद पाकिस्तान के कोच मिकी आर्थर ने मीडिया से बात करते हुए माना कि भारतीय टीम ने शानदार खेल दिखाया। आर्थर ने कहा ”हमें यह बात स्वीकार करनी पड़ेगी भारतीय टीम ने हमें खेलने का मौका ही नहीं दिया। हमारी टीम अभी बन रही है, सरफराज और मलिक के अलावा सभी नए हैं। यहां से वो बेहतर और बेहतर होते जाएंगे। यह भले ही संघर्ष कर रहे हों लेकिन इनके में हुनर है।”
पाकिस्तान की टीम ने कहां मैच गंवाया इस बारे में उनका कहना था ”हमारी टीम ने बल्लेबाजी के दौरान स्ट्राइक रेट बनाए नहीं रखा। भारतीय बल्लेबाजी के दौरान हमें जल्दी से जल्दी मिडिल ऑर्डर तक पहुंचना था लेकिन ऐसा करने में हम नाकाम रहे। उपरी बल्लेबाजी ने मजबूती से हमें रोके रखा।”
भारतीय टीम एशिया कप में खेले अपने चारों मुकाबले में अजेय रही है। ग्रुप स्टेज में भारत ने पहले हांगकांग को हराया था फिर पाकिस्तान पर भी जीत दर्ज की थी। सुपर फोर में खेलते हुए भारत ने पहले बांग्लादेश को पीटा और फिर पाकिस्तान की टीम को भी धूल चटाया।