- क्रिकेट न्यूज़
- News
- India fielding coach T. Dilip unlikely to get extension, BCCI wants to continue with Morkel Ryan
भारत के कोचिंग स्टाफ में होगी बड़ी फेरबदल! गंभीर के चहेते कोच की की छुट्टी लगभग तय
इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के बाद भारत के 3 कोचिंग स्टाफ का कार्यकाल खत्म हो रहा है. जिसमें से 2 कोच के कार्यकाल बीसीसीआई आगे बढ़ा सकती है. लेकिन भारत के फील्डिंग कोच टी.दिलीप की छुट्टी तय मानी जा रही है.
Published On Jul 11, 2026, 09:44 PM IST
Last UpdatedJul 11, 2026, 09:44 PM IST
भारतीय टीम के कोचिंग स्टाफ में जल्द ही बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. क्योंकि हेड कोच गौतम गंभीर के सहयोगी सदस्य का अनुबंध इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के बाद खत्म हो रहा है. जिसे आगे बढ़ने की उम्मीदें काफी कम नजर आ रही हैं. वहीं भारत के तेज गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल और सहायक कोच रयान टेन डोएशे का कार्यकाल भी खत्म हो रहा है. जिसे भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की ओर से बरकरार रखने की इच्छा जताई जा रही है.
फील्डिंग कोच की होगी छुट्टी
टी20 विश्व कप 2024 का खिताब जीतने के बाद हेड कोच राहुल द्रविड़, बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौड़ और गेंदबाजी कोच पारस म्हाम्ब्रे ने अपना कार्यकाल आगे नहीं बढ़ाया था. मगर फील्डिंग कोच टी. दिलीप टीम के साथ बने रहे. 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के बाद उन्हें एक साल का विस्तार दिया गया था. लेकिन अब उन्हें एक और साल का कार्यकाल मिलने की संभावना काफी कम है.
टी. दिलीप राहुल द्रविड़ के कोचिंग सदस्य का हिस्सा बनकर भारतीय टीम से जुड़े थे. वह टीम के लोकप्रिय सदस्यों में शामिल रहे हैं. खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने वाले उनके भाषण और हर मैच के बाद शुरू की गई ‘बेस्ट फील्डर पदक’ की परंपरा के लिए उन्हें लंबे समय तक याद किया जाएगा. हालांकि पिछले कुछ महीनों में भारतीय टीम की फील्डिंग का स्तर गिरा है और बीसीसीआई इस विभाग में बदलाव करना चाहता है. जिसकी वजह से टी. दिलीप की छुट्टी तय मानी जा रही है.
मोर्कल और डोएशे का बढ़ सकता है कार्यकाल
भारत के तेज गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल के मार्गदर्शन में भारतीय गेंदबाजी आक्रमण ने पिछले दो सालों में अच्छा प्रदर्शन किया है. साल के अंत में न्यूजीलैंड के खिलाफ महत्वपूर्ण दौरे और दक्षिण अफ्रीका में होने वाले वनडे विश्व कप को देखते हुए गंभीर अपने भरोसेमंद सहयोगी को टीम में बनाए रखना चाहेंगे. वहीं गंभीर के सहयोगी सदस्यों में सबसे दिलचस्प नाम नीदरलैंड के पूर्व कप्तान और कोलकाता नाइट राइडर्स के पूर्व हरफनमौला डोएशे का है. मीडिया से उनकी बातचीत हमेशा ईमानदार आकलन, स्पष्ट जानकारी और क्रिकेट के बदलते रुझानों पर शानदार विश्लेषण के लिए चर्चा में रही है.