- क्रिकेट न्यूज़
- News
- India Former U19 Cricketer and co-owner of LPL franchise manjot Kalra arrested in Sri Lanka in player bribery case
LPL 2026: टीम इंडिया को दिलाया था अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब, अब हुई गिरफ्तारी, जानें वजह
भारत के एक पूर्व अंडर-19 क्रिकेटर मनजोत कालरा को खेलों से जुड़े अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस विशेष जांच इकाई ने गिरफ्तार किया और बाद में उन्हें मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया.
Published On Jul 17, 2026, 08:36 PM IST
Last UpdatedJul 17, 2026, 08:36 PM IST
lpl 2026
लंका प्रीमियर लीग 2026 (LPL 2026) के पहले दिन टूर्नामेंट शुरू होने से कुछ घंटे पहले फ्रेंचाइजी जाफना किंग्स के सह-मालिक और भारत के एक पूर्व अंडर-19 क्रिकेटर मनजोत कालरा को श्रीलंका की खेल भ्रष्टाचार रोधी जांच इकाई ने एक खिलाड़ी को रिश्वत देने की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार किया. कालरा अंडर-19 विश्व कप 2018 फाइनल के हीरो रहे थे. उन्होंने फाइनल में शतक (नाबाद 101) लगाया था, जिससे भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया था. इस टीम में शुभमन गिल और अर्शदीप सिंह भी शामिल थे.
यह गिरफ्तारी टूर्नामेंट के छठे चरण के शुरू होने से कुछ घंटे पहले हुई. मनजोत कालरा को खेलों से जुड़े अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस विशेष जांच इकाई ने गिरफ्तार किया और बाद में मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया.सत्ताईस साल के कालरा ने इस साल की शुरुआत में जाफना किंग्स फ्रेंचाइजी में निवेश किया था.
खिलाड़ी को रिश्वत देने के आरोप में गिरफ्तारी
श्रीलंकाई पुलिस के अनुसार कालरा पर टूर्नामेंट के सिलसिले में पैसे का लालच देकर एक खिलाड़ी को प्रभावित करने की कोशिश करने का आरोप है. जांचकर्ताओं ने बताया कि खिलाड़ी ने लगभग 10 दिन पहले संपर्क किए जाने के बाद अधिकारियों को सूचित किया था जिसके बाद शुक्रवार को यह गिरफ्तारी हुई.पुलिस ने बताया कि श्रीलंका के खिलाड़ियों भानुका राजपक्षे, अविष्का फर्नांडो और डुनिथ वेलालागे ने शिकायत दर्ज कराई थी. ये तीनों खिलाड़ी जाफना किंग्स फ्रेंचाइजी के लिए खेलते हैं.
यह गिरफ्तारी एलपीएल 2026 के पहले दिन हुई जब जाफना किंग्स की टीम गॉल गैलेंट्स से मैच खेल रही थी. पांच टीम वाले इस टूर्नामेंट में 24 मैच खेले जाएंगे और यह आठ अगस्त को खत्म होगा.
रोहित शर्मा नहीं होंगे रिटायर ! हिटमैन को लेकर अब किया जा रहा यह दावा
लंका प्रीमियर लीग में पहले भी लगे हैं भ्रष्टाचार के आरोप
लंका प्रीमियर लीग में पिछले कुछ समय से मैच फिक्सिंग,रिश्वत देने और भ्रष्टाचार के आरोप लगते रहे हैं. इस साल की शुरुआत में श्रीलंका की एक अदालत ने एक अन्य एलपीएल फ्रेंचाइजी के मालिक को चार साल की जेल की सजा सुनाई थी और उन पर जुर्माना भी लगाया गया था, फ्रेंचाइजी के मालिक ने एक खिलाड़ी को सट्टेबाजी की गतिविधियों के लिए शामिल करने की कोशिश करने की बात स्वीकार की थी. हालांकि श्रीलंका क्रिकेट ने कहा कि टूर्नामेंट बिना किसी रुकावट के तय कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगा.