- क्रिकेट न्यूज़
- News
- India Lost three consecutive final against Australia in one year
ऑस्ट्रेलिया के सामने टीम इंडिया ने फिर किया सरेंडर, एक साल में तीसरी बार फाइनल में मिली हार
IND VS AUS Final: ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 79 रन से हराकर चौथी बार आईसीसी अंडर-19 विश्व कप खिताब पर कब्जा जमाया है.
Published On Feb 11, 2024, 09:54 PM IST
Last UpdatedFeb 11, 2024, 09:54 PM IST
(Photo credit-ICC Twitter)
नई दिल्ली. ऑस्ट्रेलिया ने एक बार फिर टीम इंडिया को बड़ा दर्द दिया है. अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के हाथों भारत को हार का सामना करना पड़ा है. पिछले एक साल में भारत को तीसरी बार आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया से हार का सामना करना पड़ा था. इससे पहले जून में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप और नवंबर में आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत को ऑस्ट्रेलिया से हार मिली थी. जानिए पिछले एक साल में ऑस्ट्रेलिया से कब मिली हार…
ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराकर चौथा अंडर-19 विश्व कप खिताब जीता
साउथ अफ्रीका में खेले गए आईसीसी अंडर-19 विश्व कप फाइनल 2024 में रविवार को ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 79 रन से हरा दिया. ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने जीत के लिए 254 रन का लक्ष्य रखा था, भारतीय टीम 43.5 ओवर में 174 रन पर ढेर हो गई. भारत इस टूर्नामेंट में अजेय थी, मगर फाइनल में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया के आगे सरेंडर कर दिया.
वनडे वर्ल्ड कप 2023 फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने दी मात
नवंबर 2023 में भारत को अपने घरेलू मैदान पर आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल में छह विकेट से हरा दिया. भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 240 रन के स्कोर पर ढेर हो गई थी, ऑस्ट्रेलिया ने ट्रेविस हेड के 137 रन की मदद से भारत को सात ओवर शेष रहते आसानी से हरा दिया. इस टूर्नामेंट में भी टीम इंडिया लगातार 10 मैच जीतकर फाइनल में पहुंची थी, मगर फाइनल में टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया के आगे फेल हो गई.
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (2021-23) फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हारा भारत
जून 2023 में भारत को ऑस्ट्रेलिया के हाथों आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में हार का सामना करना पड़ा. इंग्लैंड में खेले गए फाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने पहली पारी में ट्रेविस हेड (163) और स्टीव स्मिथ (121) के शतक से 469 रन बनाए. भारतीय टीम पहली पारी में 296 रन पर ढेर हो गई. ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में आठ विकेट पर 270 रन बनाकर पारी घोषित कर दी. पहली पारी में मिली 173 रन की बढ़त के आधार पर ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 444 रन का लक्ष्य दिया, भारतीय टीम दूसरी पारी में 234 रन पर ढेर हो गई. ऑस्ट्रेलिया ने इस मुकाबले को 209 रन से जीता.