- क्रिकेट न्यूज़
- News
- India need to forget about previous performances to Beat Australia says sandeep Patil
ऑस्ट्रेलिया को हराना है तो भारत को यह काम करना होगा: संदीप पाटिल
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 22 नवंबर से टेस्ट सीरीज का आगाज हो रहा है. भारत पहले लगातार दो बार ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज जीता है. लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ हार के बाद समीकरण जरा बिगड़े दिख रहे हैं.
Published On Nov 07, 2024, 12:19 PM IST
Last UpdatedNov 07, 2024, 12:19 PM IST
india vs australia, ind vs aus, ind vs nz
मुंबई: न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू धरती पर सीरीज में 0-3 से हारने के बाद भारतीय टीम के सामने सवाल हैं. और इनमें सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या टीम ऑस्ट्रेलिया में सीरीज जीत की हैटट्रिक लगा पाएगी. क्या भारतीय टीम अपने घर मिली उस शर्मनाक हार के प्रदर्शन को दरकिनार कर पाएगी. या ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली पिछली जीतों से प्रेरणा लेगी. लेकिन पूर्व बल्लेबाज संदीप पाटिल की राय कुछ अलग है. 1983 विश्व कप के सेमीफाइनल में धमाकेदार पारी खेलने वाले खिलाड़ी ने कहा कि भारत को ऑस्ट्रेलिया में दो दौरों पर मिली जीत और न्यूजीलैंड में मिली हार को भूलना होगा. तभी वह खुद को ऑस्ट्रेलिया में विजयी होने का मौका दे सके.
रोहित शर्मा की अगुआई वाली भारतीय टीम जल्द ही ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेगी लेकिन उसे घरेलू सरजमीं पर न्यूजीलैंड से 0-3 से करारी हार का सामना करना पड़ा जिससे विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए उसकी योजनाएं भी गड़बड़ा गई हैं.
भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के पांच टेस्ट मैचों के दौरे के दौरान अपने प्रदर्शन को बेहतर बनाने की कोशिश करेगी. वहीं चयन समिति के पूर्व अध्यक्ष पाटिल ने भरोसा जताया कि टीम इतनी अच्छी है कि वह इन झटकों से नहीं घबराएगी.
पाटिल ने अपनी किताब ‘बियॉन्ड बाउंड्रीज’ के विमोचन के दौरान यहां मीडिया से कहा, ‘उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसकी सरजमीं पर ही खेलना है. उन्हें यह भूलना होगा कि पिछली बार वहां क्या हुआ था. उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ इस सीरीज में जो हुआ उसे भी भूलना होगा और आगे देखना होगा.’
उन्होंने कहा, ‘‘विश्व कप जीतने से पहले हमने सभी अभ्यास मैच गंवा दिए थे. इसलिए उन्हें याद रखना चाहिए. आपको सकारात्मक सोचना होगा और सकारात्मक तरीके से खेलना होगा, तभी आपको सकारात्मक परिणाम मिलेंगे.’ पाटिल ने कहा, ‘अगर आप रक्षात्मक क्रिकेट खेलते हैं और जीतने के बारे में सोचते हैं तो ऐसा नहीं होने वाला है.’
हालांकि पाटिल ने कहा कि न्यूजीलैंड के खिलाफ पहली श्रृंखला में वाइटवॉश भारतीय क्रिकेट के लिए एक चेतावनी है.
उन्होंने कहा, ‘सीरीज में यह हार एक चेतावनी की तरह थी. ऐसा नहीं है कि हमारी टीम खराब खेल रही है. कुछ महीने पहले उन्होंने टी20 विश्व कप जीता था. हमारी टीम में कुछ बड़े खिलाड़ी हैं, निश्चित रूप से वे वापसी करेंगे.’ उन्होंने कहा, ‘उन्होंने इस हार से बहुत कुछ सीखा होगा.’