×

T20 WC 2026: भारत या इंग्लैंड, कौन खेलेगा फाइनल, केविन पीटरसन ने की बड़ी भविष्यवाणी

भारत और इंग्लैंड लगातार तीसरे टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में आमने-सामने है. 2022 में इंग्लैंड की टीम ने बाजी मारी थी, वहीं 2024 में भारत ने इंग्लैंड को हराया था.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - March 5, 2026 11:04 AM IST

टी20 विश्व कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल आज भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जाएगा. यह मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाना है. सेमीफाइनल जीतने वाली टीम 8 मार्च को अहमदाबाद में खेले जाने वाले फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड का सामना करेगी. न्यूजीलैंड ने बुधवार को कोलकाता में खेले गए पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी.

भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाले सेमीफाइनल को लेकर कयासों का बाजार गर्म है. मेजबान होने की वजह से भारतीय टीम को इस मैच में फेवरेट माना जा रहा है, लेकिन इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने इससे अलग राय रखते हैं. पीटरसन का मानना है कि इंग्लैंड भारतीय टीम को मात देते हुए फाइनल में जगह बनाएगी.

पीटरसन ने बुधवार देर रात एक्स पर लिखा, रविवार को टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के बीच होगा, यह एक शानदार गेम होना चाहिए. पीटरसन का यह पोस्ट न्यूजीलैंड-साउथ अफ्रीका मैच के बाद की थी.

लगातार तीसरे टी-20 विश्व कप सेमीफाइनल में आमने-सामने

भारत और इंग्लैंड लगातार तीसरे टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में आमने-सामने हैं. टी20 विश्व कप 2022 में भारत और इंग्लैंड सेमीफाइनल में भिड़े थे, इंग्लैंड ने मैच जीता था और फिर फाइनल में पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता था. विश्व कप 2024 में भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल में फिर आमने-सामने थे, इस बार विजेता टीम इंडिया थी. इसके बाद भारतीय टीम ने भी फाइनल में साउथ अफ्रीका को हराकर खिताब जीता था. भारत और इंग्लैंड के बीच हुए पिछले दो सेमीफाइनल से विश्व कप का विजेता भी मिला है, ऐसे में गुरुवार को होने वाले मुकाबले के और भी रोमांचक होने की उम्मीद है.

हेड टू हेड में आगे है भारत की टीम

हेड-टू-हेड आंकड़ों पर नजर डालें तो भारत और इंग्लैंड के बीच अब तक 29 टी20 मुकाबले खेले गए हैं. भारतीय टीम 17 बार और इंग्लैंड 12 बार विजेता रही है, आंकड़े भारतीय टीम के पक्ष में हैं, हालांकि, हर मैच अलग होता है और विजेता का निर्णय दिन विशेष पर किए प्रदर्शन के आधार पर ही होगा.

T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़े सभी ताजा अपडेट आप देख सकते हैं: https://www.cricketcountry.com/hi/icc-mens-t20-world-cup-2026/