- क्रिकेट न्यूज़
- News
- India reach final of ICC Women’s Cricket World Cup, thrash Australia in Semi-final
आईसीसी महिला विश्व कप के फाइनल में पहुंची टीम इंडिया
सेमीफाइनल में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 36 रनों से चटाई धूल
Published On Jul 21, 2017, 12:28 AM IST
Last UpdatedJul 21, 2017, 12:28 AM IST

टीम इंडिया ने आईसीसी महिला विश्व कप 2017 के फाइनल में जगह बनाकर इतिहास रच दिया। सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 36 रनों से हराकर फाइनल में जगह बना ली। फाइनल में अब भारत का मुकाबला मेजबान इंग्लैंड से होगा। सेमीफाइनल मुकाबले में भारत के सामने ऑस्ट्रेलिया की एक नहीं चली और 6 बार की विश्व चैंपियन को भारत ने धूल चटाकर फाइनल में जगह बना ली। ऑस्ट्रेलिया की टीम 40.1 ओवर में 245 रनों पर सिमट गई। ये भी पढ़ें: सेमीफाइनल में हरमनप्रीत कौर ने बनाए ऐसे रिकॉर्ड जो ‘विराट कोहली’, ‘सचिन तेंदुलकर’ भी नहीं बना पाए
ऑस्ट्रेलिया की तरफ से एलेक्स ब्लैकवेल ने (56 गेंदों में 90) और एलिस विलैनी ने (75) रनों की पारी खेली। भारत की तरफ से दीप्ति शर्मा ने 3 और झूलन गोस्वमी, शिखा पांडे ने 2-2 विकेट लिए। 282 रनों के लक्ष्य का बचाव करने उतरी भारतीय टीम ने शुरू से ही मैच में अपना शिकंजा कस दिया और ऑस्ट्रेलिया के 3 विकेट मात्र 21 रनों पर ही गिरा दिए।
3 विकेट गिर जाने के बाद ऑस्ट्रेलिया टीम बैकफुट में आ गई। हालांकि इस दौरान एलिस पैरी और एलिस विलैनी ने आक्रामक क्रिकेट खेली और तेजी से रन बनाए। विलैनी बेहद तेज बल्लेबाजी कर रहीं थीं और वो रन रेट को नीचे नहीं जाने दे रहीं थीं। देखते ही देखचे विलैनी ने अपना अर्धशतक ठोक दिया। दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 100 से ज्यादा रनों की साझेदारी की और टीम को मुकाबले में वापस ला दिया। तभी राजेश्वरी गायकवाड़ ने विलैनी को आउट कर भारतीय टीम को चौथी सफलता दिला दी।
विलैनी के आउट होने के बाज विकेटों के गिरने का सिलसिला फिर से शुरू हो गया और ऑस्ट्रेलिया का 126/4 से 169/9 हो गया। यहां से भारतीय टीम की जीत तय हो चुकी थी। हालांकि एलेक्स ब्लैकवेल ने एक छोर से रन बनाना जारी रखा और अपना अर्धशतक पूरा किया। ब्लैकवेल ने आखिरी विकेट के रूप में खेलने आईं क्रिस्टन बीम्स के साथ मिलकर स्कोर को 200 के पार पहुंचा दिया। इस बीच ब्लैकवेल ने 37वें ओवर में 2 छक्के ठोके और ओवर में कुल 15 रन जोड़े। ये भी पढ़ें: आईसीसी महिला विश्व कप 2017 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बनीं मिताली राज
ब्लैकवेल अकेले दम पर अपनी टीम को जीत दिलाने की भरपूर कोशिश कर रही थीं। अंतिम ओवरों में ब्लैकवेल ने तेजी से रन बनाए और मैच में रोमांचक बना दिया। ब्लैकवेल ने आखिरी विकेट के लिए बीम्स के साथ 76 रनों की साझेदारी की। अंत में दीप्ति ने ब्लैकवेल को 90 रनों पर आउट कर ऑस्ट्रेलिया की पारी को समेट दिया।
इससे पहले भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के सामने जीत के लिए 282 रनों का लक्ष्य रखा है। भारत ने निर्धारित 42 ओवरों में 281/4 का स्कोर बनाया। भारत की तरफ से हरमनप्रीत कौर ने शानदार बल्लेबाजी की और बेहतरीन शतक लगाया। कौर ने लाजवाब बल्लेबाजी की और 115 गेंदों में नाबाद 171 रनों की पारी खेली। कौर ने अपनी पारी में 20 चौके और 7 छक्के लगाए। कौर के अलावा मिताली राज ने (36), दीप्ति शर्मा ने (25) रनों की पारी खेली।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम का पहला विकेट मात्र 6 रन के कुल योग पर ही गिर गया। पहले विकेट के रूप में स्मृति मंधाना (6) रन बनाकर आउट हुईं। अभी भारत पहले झटके से उबर पाता कि पूनम राउत (14) भी पवेलियन लौट गईं। टीम इंडिया पर ऑस्ट्रेलिया ने दबाव बना दिया था। हालांकि इस बीच कप्तान मिताली राज और हरमनप्रीत कौर ने पारी को संभाला और दोनों ने टीम को संकट से निकाला। मिताली और कौर ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों का डटकर सामना किया और स्कोर को आगे बढ़ाती रहीं। दोनों ने स्कोर को 100 के पार पहुंचा दिया। ये भी पढें: आईसीसी विश्व कप में छा गईं हरमनप्रीत कौर, इन बड़े रिकॉर्डों पर लिखवाया अपना नाम
जब लगने लगा कि मिताली अपना अर्धशतक पूरा कर लेंगी तभी मिताली (36) रन बनाकर तीसरे विकेट के रूप में आउट हुईं। हालांकि दूसरे छोर पर कौर ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। अर्धशतक पूरा करने के बाद कौर ने और आक्रामक रुख अख्तियार कर लिया और तेजी से रन बनाने लगीं। इस बीच दीप्ति शर्मा ने कौर का अच्छा साथ दिया। दीप्ति ने आते ही तेजी से रन बानए और कौर पर दबाव नहीं आने दिया। इसी बीच कौर ने अपना शतक पूरा कर लिया।
दोनों बल्लेबाजों ने ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक रणनीति अपनाई और तेज गति से रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने भारत के स्कोर को 200 के पार पहुंचा दिया। कौर ने गार्डनर के 37वें ओवर में 2 छक्के और 2 चौके जड़कर कुल 23 रन बटोरे। हालांकि इसी बीच भारत को चौथा झटका भी लग गया, लेकिन कौर ने रन बनाना जारी रखा। इसी बीच कौर ने अपने 150 रन भी पूरे कर लिए और किसी भारत की तरफ से किसी भी विश्व कप में सर्वोच्च रन बनाने वाली खिलाड़ी बन गईं। कौर अंत तक आउट नहीं हुईं और भारत ने निर्धारित 42 ओवरों में 281 रन बनाए। कौर ने नाबाद 171 रनों की पारी खेली।