×

दिल्ली टेस्ट,चौथा दिन- रहाणे का शतक, दूसरी पारी में साउथ अफ्रीका को 481 रनों की चुनौती

दूसरी पारी में साउथ अफ्रीका की खराब शुरूआत, लंच से पहले एल्गर का विकेट खोया

user-circle cricketcountry.com Written by Cricket Country Staff
Last Updated on - December 6, 2015 12:45 PM IST

रहाणे ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए दूसरी पारी में भी शतक जमाया © AFP
रहाणे ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए दूसरी पारी में भी शतक जमाया © AFP

दिल्ली टेस्ट के चौथे दिन भारत ने अपनी दूसरी पारी 267/5 के स्कोर पर घोषित करते हुए साउथ अफ्रीका को 481 रनों का पहाड़ सरीखा लक्ष्य दिया। साउथ अफ्रीका अपनी दूसरी पारी में लंच तक का खेल समाप्त होने तक 5 रनों पर एक विकेट गवां कर संघर्ष करती दिख रही है। इससे पहले भारत के लिए अजिंक्य रहाणे ने मैच की दूसरी पारी में भी शानदार शतक जमाया, जबकि कप्तान विराट कोहली ने 88 रनों का योगदान दिया।

रहाणे इस शतक के साथ ही एक टेस्ट मैच की दोनों पारियों में शतक बनाने वाले पांचवे भारतीय बल्लेबाज बन गए। रहाणे ने पहली पारी में 127 और दूसरी पारी में नाबाद 100 रन की पारी खेली। रहाणे से पहले विजय हजारे, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़ और विराट कोहली ये कारनामा कर चुके हैं।

मैच के चौथे दिन सबसे पहले आउट होने वाले बल्लेबाज विराट कोहली रहे, जो अपने कल के व्यक्तिगत स्कोर में मात्र 5 रन और जोड़ सके। जबकि रहाणे ने संभल कर खेलते हुए रिद्धिमान साहा के साथ पारी को आगे बढ़ाया और भारत को कोई और नुकसान नहीं होने दिया। जैसे ही रहाणे ने शतक बनाया कप्तान कोहली ने पारी घोषित करने का इशारा कर दिया। रहाणे ने दूसरी पारी में 8 चौकों और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 100 रन बनाएं जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज रिद्धिमान साहा नाबाद 23 रनों के योग पर पवेलियन लौटे।

TRENDING NOW

साउथ अफ्रीका के लिए मोर्ने मोर्कल सबसे सफल गेंदबाज रहे, उन्होने तीन विकेट लिये जबकि काइल एबॉट और इमरान ताहिर को एक-एक सफलता हाथ लगी। गौरतलब है कि भारत ने पहली पारी में 334 रन बनाएं थे जबकि साउथ अफ्रीका टीम पहली पारी में मात्र 121 रनों के स्कोर पर सिमट गई थी। भारत ने दूसरी पारी में साउथ अफ्रीका के सामने 481 रनों का असंभव सा लक्ष्य दिया है। साउथ अफ्रीका टीम पूरी सीरीज में स्पिन को खेलने में नाकाम रही है और दिल्ली टेस्ट की दूसरी पारी में भी लंच से ठीक पहले रविचन्द्रन अश्विन ने डीन एल्गर को आउट कर साउथ अफ्रीका टीम की मुश्किलों को और बढ़ा दिया है।