×

कोटला टेस्ट के तीसरे दिन की समाप्ति पर भारत ने दक्षिण अफ्रीका पर ली 403 रनों की बढ़त

पहली पारी में शतक लगाने वाले अजिंक्य रहाणे ने तीसरी पारी में अर्धशतक लगाया

user-circle cricketcountry.com Written by Cricket Country Staff
Last Updated on - December 5, 2015 5:32 PM IST

विराट कोहली और अजिंक्य रहाणे ने चौथे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी निभाई  © Getty Images
विराट कोहली और अजिंक्य रहाणे ने चौथे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी निभाई © Getty Images

दिल्ली। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दिल्ली, फिरोजशाह कोटला में खेले जा रहे चौथे टेस्ट मैच के तीसरे दिन भारतीय टीम ने दिन का खेल खत्म होने तक दूसरी पारी में 4 विकेट पर 190 रन बना लिए हैं। इस समय क्रीज पर भारतीय कप्तान विराट कोहली  83 और अजिंक्य रहाणे 52 रन बनाकर नाबाद हैं। इस तरह पहली पारी में 213 रनों की बढ़त के साथ भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका पर कुल 403 रनों की बढ़त हासिल कर ली है। खेल का चौथा दिन निर्णायक साबित हो सकता है। भारतीय टीम रविवार को पहला सेशन खेलकर दक्षिण अफ्रीका को दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने का निमंत्रण दे सकती है। लाइव क्रिकेट स्कोरकार्ड: भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका 2015, दिल्ली चौथा टेस्ट

इससे पहले तीसरे दिन की शुरुआत में भारतीय टीम ने तीसरी पारी में बल्लेबाजी शुरू की, लेकिन एक बार फिर से भारतीय टीम का शीर्ष क्रम लड़खड़ा गया और मुरली विजय व रोहित शर्मा लगातार दो गेंदों पर आउट हो गए। ऐसे समय में बल्लेबाजी करने आए चेतेश्वर पुजारा ने सलामी बल्लेबाज शिखर धवन के साथ पारी संभालने की कोशिश की। तीसरे विकेट के लिए 45 रनों की साझेदारी निभाने के बाद दोनों एक के बाद एक आउट हो गए। ऐसे में भारतीय टीम ने 57 रनों पर अपने चार प्रमुख बल्लेबाज गंवा दिए।

ऐसी विपरीत परिस्थिति में भारतीय टीम को संभालने का जिम्मा भारत के कप्तान विराट कोहली और अजिंक्य रहाणे ने अपने कंधों पर लिया। दोनों ने दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों को संभलकर खेलते हुए चौथे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी निभाई। कोहली ने इस दौरान टेस्ट क्रिकेट का 12वां अर्धशतक पूरा किया। वहीं रहाणे ने भी टेस्ट क्रिकेट का 8वां अर्धशतक पूरा किया। दक्षिण अफ्रीका की ओर से मोर्ने मोर्केल ने तीन विकेट लिए। वहीं इमरान ताहिर को एक सफलता प्राप्त हुई। खराब रोशनी की वजह से खेल को निर्धारित समय से पहले रोकना पड़ा। लाइव क्रिकेट अपडेट: भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका 2015, दिल्ली चौथा टेस्ट

TRENDING NOW

आपको बता दें कि भारत ने टेस्ट मैच की पहली पारी में 334 रन बनाए थे। जिसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका टीम 121 रनों पर ऑलआउट हो गई थी। दक्षिण अफ्रीका को फॉलोआन बचाने के लिए 134 रनों की दरकार थी। भारत ने दक्षिण अफ्रीका को फॉलोआन खिलाए बगैर तीसरी पारी में बल्लेबाजी करना उचित समझा। भारत तीसरे दिन की समाप्ति पर 403 रनों की बढ़त ले चुका है।