• Home
  • News
  • India U-19 Fast Bowler Henil Patel in fan of Dale Steyn Aggression

U-19 World Cup: USA के खिलाफ पंजा लगाने वाले हेनिल को आखिर क्यों पसंद हैं स्टेन, बताई वजह

भारत के पेसर हेनिल पटेल ने कहा कि वह साउथ अफ्रीका के पूर्व पेसर डेल स्टेन की आक्रामकता से बहुत प्रभावित हैं.

Edited By : Bharat Malhotra |Jan 16, 2026, 02:52 PM IST

Published On Jan 16, 2026, 02:52 PM IST

Last UpdatedJan 16, 2026, 02:52 PM IST

henil-patel-steyn

henil-patel-steyn

भारत ने अंडर-19 वर्ल्ड कप में जीत के साथ शुरुआत की. गुरुवार को खेले गए अपने पहले मैच में उसने संयुक्त राज्य अमेरिका को छह विकेट से हराया. भारत की इस जीत में हेनिल पटेल की अहम भूमिका रही. हेनिल ने 5 विकेट लेकर भारत की जीत की पटकथा लिखी. उनकी गेंदबाजी की मदद से भारत ने USA को 107 रन पर समेट दिया. हेनिल से जब पूछा गया कि आखिर उनकी प्रेरणा क्या है तो उन्होंने डेल स्टेन का नाम लिया.

पटेल ने कहा कि उन्हें साउथ अफ्रीका के दिग्गज तेज गेंदबाज डेल स्टेन की मैदान पर आक्रामकता से बहुत प्रेरणा मिलती है. पटेल ने गुरुवार को जिम्बाब्वे में खेले जा रहे अंडर-19 वर्ल्ड कप में 16 रन देकर पांच विकेट लिए. इस प्रदर्शन के दम पर पांच बार की चैंपियन भारत ने अपने सफर का विजयी आगाज किया.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

यह पुरुषों के अंडर-19 विश्व कप में किसी भारतीय गेंदबाज का तीसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है. इससे बेहतर प्रदर्शन केवल कमल पासी (2012 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 23 रन देकर छह विकेट) और अनुकूल रॉय (2018 में पापुआ न्यू गिनी के खिलाफ 14 रन देकर पांच विकेट) ने किया है.

पटेल ने आईसीसी डिजिटल से कहा, ‘मुझे डेल स्टेन की आक्रामकता बहुत पसंद है. उनकी गेंदबाजी इतनी अच्छी थी कि कोई भी बल्लेबाज उनके सामने खुलकर नहीं खेल पाता था. उनका सामना करना बहुत मुश्किल था.’

पटेल के पांच में से तीन विकेट अपने शुरुआती स्पेल में लिए. इस 18 वर्षीय खिलाड़ी ने खुलासा किया कि गेंदबाजी की शुरुआत करते समय उनकी सफलता की कुंजी विकेट को निशाना बनाकर गेंदबाजी करना था.

पटेल ने कहा, ‘मैं हमेशा बल्लेबाज को तीन से चार गेंदों के भीतर आउट करने के बारे में सोचता हूं. मेरा मकसद जल्दी विकेट लेना है. मैं इसी मानसिकता के साथ खेलता हूं और शांति से अपने काम को अंजाम देता हूं. मैं सकारात्मक मानसिकता के साथ अभ्यास करता हूं और मैच में भी यही प्रक्रिया अपनाता हूं.’

इस बीच भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे ने स्वीकार किया कि उनकी टीम को अमेरिका के खिलाफ मैच में कम विकेट खोकर जीत हासिल करनी चाहिए थी.

म्हात्रे ने कहा, ‘हमने अपनी पारी को बहुत लंबा खींच दिया और चार विकेट गंवा दिए. हम बिना विकेट खोए या एक विकेट गंवाकर यह लक्ष्य हासिल कर सकते थे.’ भारत ने 17.2 ओवर में 4 विकेट खोकर 99 रन बनाए. और डकवर्थ लुईस स्टर्न के नियम के हिसाब से मैच अपने नाम किया.

डेल स्टेन के रिकॉर्ड्स की बात करें तो उन्होंने 93 टेस्ट मैचों में 439 विकेट लिए. वहीं 125 वनडे इंटरनेशनल मैचों में उन्होंने 196 विकेट अपने नाम किए. अपनी रफ्तार और सटीकता के लिए मशहूर स्टेन ने 47 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 64 विकेट झटके हैं.

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra अभी cricketcountry.com की हिंदी टीम को लीड कर रहे हैं. भारत के पास डिजिटल मीडिया में करीब 17 साल का अनुभव है. ज्यादातर वक्त क्रिकेट पर लिखते, समीक्षा करते और समझते हुए बीता है. साल 2008 में IPL के साथ करियर की शुरुआत हुई. तब Iplnewsonline.com की शुरुआती टीम का हिस्सा रहे. इसके बाद हिंदीलोक डॉट कॉम की जिम्मेदारी लंबे वक्त तक अकेले ही संभाली. फिर प्लानमैन मीडिया की TheSundayIndian.com की हिंदी वेबसाइट को लीड किया. भारत मल्होत्रा के सफर का अगला पड़ाव दैनिक जागरण की हेल्थ वेबसाइट ओन्ली माई हेल्थ रहा. यहां करीब ढाई साल तक हिंदी वेबसाइट की अगुआई की. इस दौरान साइट को नए सिरे से तैयार करना. इसके कॉन्टेंट और स्ट्रक्चर में बड़े पैमाने पर सुधार किया. नतीजा, उस दौरान यह हेल्थ के क्षेत्र में भारत की नंबर वन वेबसाइट बनी. यहां संपादकीय के साथ-साथ प्रॉडक्ट, तकनीक और सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन में भी सहयोग दिया. फरवरी 2015 में भारत मल्होत्रा NBT.in से जुड़े. यहां 7 साल से अधिक समय तक स्पोर्टस टीम के लीड रहे. इस दौरान क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 और फीफा वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, कई IPL सीजन, ओलिंपिक 2016 और 2020, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे बड़े आयोजनों में टीम की अगुआई की.

Editor's Pick